शिमला: हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक अब ज्यादा दूर नहीं दिखाई दे रही है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा आकलन के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून के उत्तराखंड तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। माना जा रहा है कि 30 जून तक मॉनसून हिमाचल प्रदेश में भी प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान बारिश की गतिविधियों में तेजी का अनुमान जताते हुए 30 जून और 1 जुलाई के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन वेदर सिस्टम के कारण बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर 3.1 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा मध्य पाकिस्तान और उत्तर राजस्थान के आसपास एक चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है। वहीं राजस्थान से बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) भी बनी हुई है। इसके प्रभाव से हिमाचल सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम लगातार बदला हुआ है। इसके प्रभाव से सूबे में बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है।
अगले 24 घंटे इन जिलों में येलो अलर्ट
मौजूदा वक्त में बारिश मॉनसून के कारण नहीं हो रही है। यह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण देखी जा रही है। गुरुवार को भी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सूबे के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
कहां कितनी बारिश?
बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 48.2 मिलीमीटर बारिश कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां में दर्ज की गई। इसके अलावा घमरूर में 39.4 मिलीमीटर, मलराओं में 33 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 30.2 मिलीमीटर, बिलासपुर सदर में 25.2 मिलीमीटर, सोलन में 12.5 मिलीमीटर और शिमला में 10.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। धर्मशाला में 4.3 मिलीमीटर, पालमपुर में 2.8 मिलीमीटर तथा मंडी में 1.2 मिलीमीटर वर्षा हुई।
सुंदरनगर में गिरे ओले
कई स्थानों पर बिजली चमकने और गर्जन की घटनाएं भी दर्ज की गईं। सुंदरनगर में ओलावृष्टि हुई, जबकि ताबो में 57 किलोमीटर प्रति घंटा, सुंदरनगर में 46 किलोमीटर प्रति घंटा और बिलासपुर में 44 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
में मॉनसून की उल्टी गिनती शुरू, आज 7 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
इन 4 जिलों में 29 जून तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 25 से 29 जून तक हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में अंधड़, गरज चमक की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। खासकर चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश देखी जाएगी। इन चारों जिलों में 29 जून तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून और 1 जुलाई को बारिश में तीव्रता देखी जाएगी। कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इन दो दिनों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है।
जुलाई के पहले हफ्ते से जोरदार बारिश का दौर
लगातार बारिश की गतिविधियों के कारण तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मॉनसून निर्धारित अनुमान के अनुसार, आगे बढ़ता है तो जुलाई के पहले सप्ताह से हिमाचल में व्यापक बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इससे किसानों को राहत की उम्मीद है। पिछले साल मॉनसून 20 जून को पहुंचा था। इस बार इसकी रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही है। हिमाचल में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 25 जून है।