हिमाचल: बिना नंबर की गाड़ी में आए, पांच हजार का डीजल भरा भागे, शातिरों ने ऐसे दिया झांसा

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार सुबह फिल्मी अंदाज में ठगी की वारदात सामने आई। बिना नंबर प्लेट की फोर्ड गाड़ी में सवार पांच लोग करीब पांच हजार रुपये का डीजल भरवाने के बाद भुगतान का झांसा देकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप कर्मचारी राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक फोर्ड गाड़ी पंप पर पहुंची। चालक ने वाहन का टैंक फुल करने को कहा। डीजल भरते समय कर्मचारियों को वाहन में सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर पता चला कि गाड़ी के आगे और पीछे दोनों ओर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। वाहन में करीब पांच लोग सवार थे और शीशे भी काले रंग के थे।

कर्मचारियों ने अन्य स्टाफ को सतर्क किया, लेकिन इसी दौरान एक अन्य वाहन भी तेल भरवाने पहुंच गया, जिससे उनका ध्यान बंट गया। डीजल भरने के बाद चालक ने करीब पांच हजार रुपये का भुगतान करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन किया। उसने मोबाइल से स्कैनिंग की प्रक्रिया दिखाई और वाहन के स्पीकर से भुगतान होने जैसी आवाज भी सुनाई दी। कर्मचारी जब तक खाते में भुगतान की पुष्टि करते, तब तक चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर मौके से फरार हो चुका था। घटना का पता चलते ही कर्मचारी राजेश कुमार ने बाइक से वाहन का पीछा किया। दकड़ी चौक के पास तैनात पुलिसकर्मियों को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया, लेकिन देर शाम तक वाहन और उसमें सवार लोगों का कोई सुराग नहीं लग सका। दिनदहाड़े हुई इस ठगी की घटना ने पेट्रोल पंप संचालकों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि सूचना मिलने के बाद भी आरोपियों का पता न लग पाना कई सवाल खड़े करता है।