हिमाचल पंचायत चुनाव: पहले चरण के मतदान को सुबह ही लगी कतारें, युवाओं के साथ बुजुर्गों का भी जोश हाई

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। पोलिंग बूथ पर सुबह से कतारें लग गईं। युवाओं से लेकर बुजुर्गों में भी मतदान के लिए भारी उत्साह है। 3,754 पंचायतों में से पहले चरण में 1293 पंचायतों के लिए तीन बजे तक मतदान होगा। तीन बजे जो मतदाता कतार में होंगे, उन्हें मतदान का अवसर मिलेगा। मंडी जिले के करसोग में बीडीसी उम्मीदवार का नाम बैलेट पेपर पर न होने से चुनाव स्थगित। थाच थर्मी,बरलोग व महेदी पंचायत का मामला है।

प्रदेश में सुबह 9:45 बजे तक कुल 18.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। प्रदेश में सबसे अधिक मतदान सिरमौर जिले में 20.22 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि लाहुल-स्पीति में सबसे कम 14.21 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिला मंडी की गौंटा पंचायत में 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्यामी देवी पत्नी भगत राम ने मतदानकिया।

लाहुल स्पीति में 14 प्रतिशत मतदान
जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में पहले चरण में 17 पंचायतों में पौने 10 बजे तक 14.21प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। 86 वर्षीय चेत्री देवी ने बरोट पंचायत के वार्ड नंबर 6 में मतदान किया।

10 हजार से ज्यादा का निर्विरोध चयन
ग्रामीण संसद के चयन के लिए 31,182 पदों में से 20,327 पदों के लिए तीन चरण में मतदान होना है। 10,854 पदों पर निर्विरोध चुनाव हो चुका है। मंडी में एक वार्ड सदस्य का चुनाव प्रत्याशी के निधन के कारण रद कर दिया गया है। हमीरपुर में देई का नौण पंचायत में वोट डालने जाते बुजुर्ग जोगिंदर सिंह।

यहां चुनाव रद
बिलासपुर की टाली पंचायत में प्रधान पद के निर्वाचन को रद कर दिया है। प्रधान पद के लिए एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एक मिड डे मील वर्कर के प्रत्याशी बनने के बाद यह निर्णय लिया है।