हिमाचल सरकार का बड़ा एक्शन: चिट्टा नेटवर्क में शामिल 11 पुलिसवालों की नौकरी से छुट्टी

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने चिट्टे और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कड़ी कार्रवाई करते हुए 11 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के मामलों में लिप्त पाए जाने पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के तहत की गई है, जो असाधारण परिस्थितियों में बिना विभागीय जांच के बर्खास्तगी का प्रावधान करता है। यह कदम प्रदेश सरकार की “चिट्टे के खिलाफ शून्य सहिष्णुता नीति” का स्पष्ट और कठोर संदेश है कि कानून की रक्षा करने वाले अगर कानून तोड़ेंगे, तो उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा।

बर्खास्त किए गए कर्मियों में भारतीय रिजर्व बटालियन, बनगढ़ में तैनात इंस्पेक्टर नीरज कुमार, बिलासपुर में तैनात कांस्टेबल शुभम ठाकुर, भारतीय रिजर्व बटालियन पंडोह के कांस्टेबल कपिल, एसडीआरएफ में तैनात कांस्टेबल शिव कुमार, शिमला पुलिस के कांस्टेबल लक्ष्य चौहान, एसवी एंड एसीबी में तैनात कांस्टेबल विशाल ठाकुर, भारतीय रिजर्व बटालियन जंगलबैरी के कांस्टेबल गौरव वर्मा, भारतीय रिजर्व बटालियन सकोह के कांस्टेबल संदीप राणा, एसडीआरएफ के कांस्टेबल अंकुश कुमार, स्टेट सीआईडी में तैनात कांस्टेबल रजत चंदेल तथा शिमला में तैनात कांस्टेबल राहुल वर्मा शामिल हैं।

शिमला में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि “पुलिस की जिम्मेदारी चिट्टे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना है।अगर पुलिसकर्मी ही चिट्टा गतिविधियों में शामिल होंगे, तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिट्टा तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह सरकारी कर्मचारी ही क्यों न हो।

मुख्यमंत्री ने विभागों को निर्देश दिए कि चिट्टा गतिविधियों में शामिल कर्मचारियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्य सचिव को सौंपी जाए। चिट्टे से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त व ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाए। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने बैठक में चिट्टे के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 21 और 22 जनवरी को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में एंटी चिट्टा ग्राम सभाएं आयोजित की जाएगी। प्रदेश भर में एंटी चिट्टा अवेयरनेस स्पोर्ट्स टूर्नामेंट भी कराए जाएंगे

सूचना देने वालों को बड़ा इनाम
चिट्टा तस्करी और अवैध नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने सूचना देने वालों के लिए आकर्षक इनाम राशि की घोषणा की है। सरकार के अनुसार चिट्टे से जुड़ी पुख्ता जानकारी देने पर मात्रा के आधार पर इनाम दिया जाएगा। दो ग्राम तक चिट्टे की सूचना पर 10 हजार रुपये, पांच ग्राम पर 25 हजार रुपये, 25 ग्राम पर 50 हजार रुपये, एक किलो चिट्टे की सूचना पर पांच लाख रुपये तथा एक किलो से अधिक मात्रा की सूचना देने पर 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा बड़े तस्कर गिरोहों की जानकारी देने वाले सूचनाकर्ताओं को पांच लाख रुपये से अधिक की इनाम राशि प्रदान की जाएगी। सरकार ने लोगों से अपील की है कि चिट्टे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल 112 आपातकालीन नंबर पर साझा करें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी और त्वरित कार्रवाई की जा सके।