हिमाचल में नए साल पर बर्फबारी, मनाली घूमने आए सैलानी जमकर उठा रहे लुत्फ

कुल्लू/किन्नौर: नया साल शुरू होने के साथ ही हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. साल की पहली तारीख पर पहली बर्फबारी से किसानों-बागवानों के साथ-साथ पर्यटकों के भी चेहरे खिल उठे हैं. कुल्लू जिले की पर्यटन नगरी मनाली में नए साल की पहली ताजा बर्फबारी हुई है. वहीं, बर्फ़बारी देख मनाली घूमने पहुंचे पर्यटकों ने भी खूब मस्ती की. अटल टनल रोहतांग, सोलंग वैली तक ताजा बर्फबारी होने से किसानों बागवानों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे पर रौनक आ गई है. नए साल के बाद एक बार फिर पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है. वहीं, मनाली पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ लिया.

साल की पहली ताजा बर्फ़बारी
ताजा बर्फबारी के बीच नववर्ष के पहले दिन का भी जश्न मनाया. इन खास लम्हों को पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद किया. बर्फबारी के कारण रोहतांग के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. बर्फबारी के बाद तापमान में भी इस गिरावट देखने को मिली. लंबे समय से बर्फ़बारी का इंतजार कर रहे स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबारियों ने भी राहत की सांस ली है.

मनाली घूमने पहुंचे सैलानियों ने उठाया बर्फ का आनंद
ताजा बर्फबारी होती देख पर्यटक भी अपने आप को झूमने से नहीं रोक पाए. इसी के साथ मनाली के ऊंचाई वाले इलाकों सहित लाहौल घाटी में भी खूब बर्फबारी हुई. पर्यटकों ने बर्फबारी जमकर आनंद उठाया और बर्फ के बीच जमकर मस्ती की. क्षेत्र में लम्बे समय से बर्फबारी का इंतजार भी अब समाप्त हुआ है.

रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी
एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि, “रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी को देखते हुए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है, जबकि अन्य स्थानों पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है. सैलानी सोलंग नाला, अटल टनल में बर्फबारी का लुत्फ ले रहे हैं.”

नए साल पर किन्नौर में बर्फबारी का दौर शुरू
वहीं, हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भी नया साल शुरू होने के साथ ही बर्फ का दौर शुरू हो गया है. रकछम से बर्फबारी की तस्वीरें सामने आईं है. क्षेत्र में इस वर्ष की पहली तारीख और पहली बर्फबारी शुरू हुई है, जिसके चलते किसानों और बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं. वहीं, बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों का इंतजार भी खत्म हुआ है और बर्फबारी के दीदार कर सकते हैं. वहीं, बर्फबारी की शुरुआत होते ही जिले का तापमान शून्य के नीचे चला गया है.

लाहौल में बर्फबारी के बीच सैलानियों का हुड़दंग
जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली से होते हुए सैलानी बर्फ का आनंद लेने के लिए अटल टनल से लाहौल घाटी का भी रुख कर रहे हैं. ऐसे में 1 जनवरी को भी सैलानियों को बर्फ के बीच मस्ती करने का मौका मिला. ऐसे में लाहौल स्पीति पुलिस भी लगातार घाटी में गश्त कर रही है और सैलानियों से आग्रह कर रही है कि वह शांति से यहां पर जश्न मनाएं. लेकिन, उसके बावजूद भी कुछ सैलानी यहां हुड़दंग मचाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं. लाहौल घाटी में सैलानियों के द्वारा हुड़दंग मचाने का एक और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है, जिसमें सैलानी कपड़े उतार कर हुक्का पी रहे हैं और हाथ में शराब की बोतल लेकर भी नाच रहे हैं.

हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
वहीं, स्थानीय लोगों ने भी लाहौल स्पीति पुलिस से आग्रह किया है कि ऐसे हुड़दंगियों पर कार्रवाई करें. ताकि घाटी में शांति बनी रह सके. इससे पहले भी मंडी जिले के थलोट में सैलानियों के द्वारा कपड़े उतार कर गाड़ी के बोनट पर बैठकर शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ था, जिस पर संज्ञान लेते हुए मंडी पुलिस ने सैलानियों का चालान भी काटा था. बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए रोजाना सैलानी मनाली से लाहौल घाटी भी पहुंच रहे हैं. ऐसे में इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग भी ऐसे सैलानियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. ताकि घाटी में किसी भी प्रकार का खलल न पड़े.