Himachal Weather: चोटियों पर हिमपात और आंधी, बारिश ने 14 डिग्री तक गिराया तापमान; गर्मी से मिली राहत

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते दो दिनों रोहतांग, बारालाचा, कुंजुम में हिमपात हुआ है। जबकि प्रदेश में व्यापक वर्षा हुई है। हिमपाम, आंधी और वर्षा के बीच दिन के तापमान में 14 डिग्री तक की गिरावट आई है। दो दिन पूर्व लू चल रही थी और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण एक दम से ठंडक हाे गई है।

देर रात ओर सुबह के समय रोहडु, शिमला सहित कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई है। इसके कारण सेब और अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में लू चल रही थी गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश में बीते चौबीस घंटों के दौरान 10 से 40 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा पंडोह में 40, ऊना में 38, सुंदरनगर में 28 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट सुंदरनगर में 14.1, मंडी में 12.5, नेरी में 12.4, बिलासपुर के बरठीं में 11.2, ऊना में 10.8, शिमला में 7.5 डिग्री की गिरावट आई है। ऐसे में गर्मी से राहत मिली है। जबकि ऊंचे क्षेत्रों में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है।

अधिकतम तापमान सामान्य से 7 से 14 डिग्री तक कम दर्ज किए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता 2 जून तक रहने का अनुमान है। 31 मई को प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात जबकि किन्नौर और लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी जिलों में कुछ एक स्थानों पर आंधी चलने की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में वर्षा की संभावना है। न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री की गिरावट आई है।

सामान्य से 20 प्रतिशत कम वर्षा
प्रदेश में मई माह में अब तक 48.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है जो सामान्य से 20 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक वर्षा शिमला में 92 मिलीमीटर दर्ज की गई है। जो सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक है। जबकि ऊना में 61 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जो सामान्य से 98 प्रतिशत अधिक है। लाहुल स्पीति में सबसे कम 26.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जो सामान्य से 55 प्रतिशत कम है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर है जिसके कारण आंधी, ओलावृष्टि और व्यापक वर्षा हो रही है। उन्होंने बताया कि अक्सर मई और जून में अचानक से तापमान बढ़ जाता है और कम हो जाता है। यह कर साल देखने को मिलता है।

स्थान न्यूनतम अधिकतम

शिमला 11.5 17.0
सुंदरनगर 16.4 20.9
भुंतर 15.1 25.0
कल्पा 6.2 20.1
धर्मशाला 17.8 28.0
कांगड़ा 17.0 26.9
ऊना 20.0 28.8
नाहन 17.0 28.5
केलंग 5.8 13.9