24 जनवरी जैसी बर्फबारी की फिर जगी उम्मीद? जानिए कब बदलेगा मौसम का मिजाज

शिमला: हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से साफ चल रहे मौसम में अब बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 और 16 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 17 और 18 फरवरी को सक्रिय होने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है।

विभाग का कहना है कि खासतौर पर शिमला, कुल्लू, चम्बा, लाहौल स्पीति और किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि भारी हिमपात को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 19 और 20 फरवरी को फिर से मौसम साफ रहने का अनुमान है।

राज्य में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है और जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि पहाड़ी पर्यटन स्थल शिमला की रातें इस समय कई मैदानी और निचले इलाकों से अधिक गर्म दर्ज की जा रही हैं। शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक है। इसके विपरीत ऊना में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री, कांगड़ा में 6.7 डिग्री, मंडी में 6.8 डिग्री और बरठीं में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन न्यूनतम तापमान में लगभग 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ है, जबकि निचले इलाकों में कहीं-कहीं कोहरे की स्थिति देखने को मिली। मंडी क्षेत्र में घना कोहरा भी दर्ज किया गया, जिससे दृश्यता कम रही।

शनिवार को राज्य के अन्य प्रमुख स्थानों का न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो सुंदरनगर 6.0 डिग्री, भुंतर 4.5 डिग्री, कल्पा –0.2 डिग्री, धर्मशाला 6.0 डिग्री, नाहन 9.9 डिग्री, पालमपुर 7.0 डिग्री, सोलन 4.4 डिग्री, मनाली 2.9 डिग्री, बिलासपुर 8.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 8.4 डिग्री, कुकुमसेरी –7.6 डिग्री, सीओबाग 2.5 डिग्री, कसौली 8.7 डिग्री, पांवटा साहिब 9.0 डिग्री, सराहन 4.4 डिग्री, देहरा गोपीपुर 12.0 डिग्री, ताबो –6.6 डिग्री और नेरी में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।