हिमाचल में HRTC की बस हादसे का शिकार, स्कूली बच्चों सहित 36 यात्री घायल, चीख-पुकार मची

देहरा. हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के डाडासिबा में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. तलवाड़ा से बाया डाडासिबा बद्दी जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस गुराला के पास अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 36 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई स्कूली बच्चे भी शामिल हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही बस गुराला के पास पहुंची, चालक का बस पर नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. घायलों को एंबुलेंस व निजी गाड़ियों से डाडासिबा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया. जानकारी के मुताबिक एक महिला सहित पांच गंभीर घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज व अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है. बाकी घायलों को डाडासिवा अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है.

हादसे की सूचना मिलते ही जसवां-परागपुर के विधायक व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना. उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और सरकार की ओर से घायलों के उपचार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. कांग्रेस नेता सुरिंदर मनकोटिया भी अस्पताल पहुंचे और घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

बस में सवार ये लोग हुए घायल
अनीता (17) निवासी गांव रैल, समीक्षा (17) निवासी गांव बसलाड़, वंशिका (17) निवासी मेहड़ा, श्रेया ठाकुर (16) निवासी गुराला, नव्या (14) निवासी गुराला, निकिता (16) निवासी लंडियाड़ा, इशिता (13) निवासी बसलाड़, ममता (17) निवासी बसलाड़, निम्नेश (17) निवासी बनूड़ी, कृष्ण (17) निवासी सुलैह, निशा (15) निवासी सुलैह, विशाखा (15) निवासी मेहड़ा, सोनम (15) निवासी गुराला, नीरज (17) निवासी बसलाड़, निखिल (17) निवासी सुलैह, अमित (22) निवासी बड़ा रेल, शिवांगी (22) निवासी घाटी, सौरभ (23) निवासी डुबोया, अरुण कुमार (19) निवासी सांडा, सक्षम शर्मा (19) निवासी रेल, मैडम त्रिशला देवी (51) निवासी बाड़ी, अनुभव (22) निवासी बाड़ी, लीला देवी निवासी बरनाली (70), आवीश कुमार निवासी मेहडा, नेहा शर्मा निवासी सयुल खड्ड (17), देशराज निवासी फतेहपुर (57), सोनम निवासी गुराला (15), सौरभ निवासी बसलाड (16), चैचला देवी निवासी बरनाली (66), सपना निवासी गुराला (35), यश निवासी गुराला (12), पलक ठाकुर निवासी बसलाड (20), सुनीता निवासी मेहडा़ (20), अंजना देवी निवासी घाटी (50), शांति देवी निवासी गुरनबाड़ (75), शिवराज निवासी घमरूर (52), राजेश निवासी रैल घायल हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही बस गुराला के पास पहुंची, चालक का बस पर नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई. उधऱ, जसवां-परागपुर विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा, “यह घटना दुखद है, जिसमें स्कूली बच्चे भी घायल हुए हैं. हमने घायलों का कुशलक्षेम लिया और उनका उपचार जारी है.”