हिमाचल में रिटायर्ड बैंक कर्मचारी से बिना OTP पूछे लाखों की ठगी, वॉट्सऐप पर लिंक भेज यूं उड़ाए पैसे

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी के साथ वॉट्सऐप लिंक के जरिए भेजी गई एपीके फाइल के माध्यम से करीब 16 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। जिसके बाद इस मामले में पुलिस थाना ढली में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शिकायतकर्ता शिमला निवासी पद्म देव एक राष्ट्रीयकृत बैंक से सेवानिवृत्त हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 नवंबर की शाम करीब 8 बजे उन्हें एक अनजान मोबाइल नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक से जुड़ा बताया और कहा कि उनका ‘लाइफ सर्टिफिकेट’ अपडेट करना है। इसी बहाने उसने पद्म देव के मोबाइल पर एक वॉट्सऐप लिंक भेजा, जिसमें एक एपीके फाइल को डाउनलोड करने के लिए कहा गया।

अगले दिन 18 नवंबर को उसी नंबर से दोबारा कॉल आई और उस व्यक्ति ने उन्हें अपने वॉट्सऐप नंबर पर बात करने को कहा। बात करते समय पद्म देव ने उसके द्वारा भेजी गई APK लिंक को खोल दिया। इस दौरान उनके फोन पर 3–4 ओटीपी आए, हालांकि उन्होंने कोई भी ओटीपी उस व्यक्ति को नहीं बताया। लेकिन इसके बावजूद फोन पर बातचीत के दौरान ही उस अज्ञात शख्स ने उनके मोबाइल फोन का डेटा एक्सेस कर लिया।

इसके बाद भी उनके फोन पर लगातार ओटीपी आते रहे। तब जाकर पद्म देव को कुछ शक हुआ और उन्होंने कॉल करने वाले से इसका कारण पूछा, इसी बीच उन्हें अपने फोन पर 16 लाख रुपए डेबिट होने का मैसेज आ गया। तब जाकर उनके फोन पर अन्य लेन-देन के संदेश आना बंद हो गए। घबराकर उन्होंने रात करीब 11 बजे बैंक शाखा से संपर्क किया। पूछताछ में पता चला कि उनके फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) खाते से कुल 16,01,030 रुपए की निकासी हो चुकी है।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना ढली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) एवं 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ढली पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या ऐप पर भरोसा न करें और संदेह होने पर तुरंत बैंक या पुलिस से संपर्क करें। साथ ही पुलिस ने लोगों से APK फाइल डाउनलोडनहीं करने की सलाह दी है।