नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक गजब मामला सामने आया है। एक गर्भवती महिला ने एचआरटीसी बस में ही बच्चे को जन्म दे दिया। महिला परिवार के सदस्यों के साथ श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के ददाहु से नाहन में चेकअप के लिए आ रही थी। इस दौरान उसे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला ने बस में ही बच्चे को जन्म दे दिया। जच्चा और बच्चा को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में भर्ती करवाया गया है। एचआरटीसी की बस में बच्चे के जन्म का शायद यह पहला मामला है।
पति व सास के साथ पिछली सीट पर बैठी थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंहट हरिपुरधार श्रीरेणुकाजी नाहन रूट पर चलने वाली निगम की बस शुक्रवार शाम को अपने निर्धारित समय शाम सात बजे ददाहू से नाहन के लिए रवाना हुई। मलगांव के समीप एक गर्भवती महिला सरोज, उसका पति व सास बस में प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए लेकर निकले। सभी बस की पिछली सीट पर बैठ गए।
ड्राइवर ने रोक दी बस, सभी महिलाएं पीछे आ गईं
जमटा से आगे दोसड़का पर गर्भवती महिला का प्रसव दर्द बढ़ गया और वह चिल्लाने लगी। ऐसे में ड्राइवर ने बस रोक दी और सवार पुरुष यात्री अगली सीटों पर चले गए और महिलाएं पीछे की ओर आ गईं। महिलाओं ने अपने दुपट्टों से पदा बना दिया। महिला को असहनीय पीड़ा हो रही थी, इसी दौरान उसने बच्चे को जन्म दे दिया।
108 एंबुलेंस में शिफ्ट किए अस्पताल
इसके बाद बस में बैठी एक महिला ने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी और चालक बस को नाहन की ओर लेकर जाने लगा। बनोग के समीप जच्चा व बच्चे को 108 एंबुलेंस में शिफ्ट कर मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। यहां जच्चा-बच्चा दोनों का उपचार किया जा रहा है। दोनों की हालत ठीक है।
क्या कहते हैं डॉक्टर
मेडिकल कॉलेज नाहन के गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि महिला ने शाम सवा 8 बजे के करीब निगम की बस में स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। दोनों की हालत ठीक है।
समय से पहले हुआ बच्चे का जन्म
जानकारी मिली हैं कि महिला समय से पहले ही एडमिट होने के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए रवाना हुई थी। महिला को प्रसव के लिए दिए समय में कुछ दिन ओर थे। एहतियातन पहले ही अस्पताल के लिए जा रहे थे। समय से पहले ही प्रसव पीड़ा लग गई। बस में बैठी सवारियों का कहना था कि महिला को पिछली सीट पर नहीं बैठना चाहिए था। बताया जा रहा है सड़क पर गड्ढे होने की वजह जंप ज्यादा लग रहे थे।