शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष व कांग्रेस नेता यदोपति ठाकुर ने जल शक्ति विभाग के सरकाघाट आफिस पर भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टेंडर के नाम पर यहां करोड़ों रुपये का हेर फेर हो रहा है। पहले उन्होंने इंटरनेट मीडिया (फेसबुक) पर इसको लेकर पोस्ट डाली। मंगलवार को उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से इस सिलसिले में फोन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वे इसकी लिखित में शिकायत भी उपमुख्यमंत्री को भेजेंगे।
15 पंचायतों में फैला है पीलिया, अधिकारी नदारद
यदोपति ठाकुर ने कहा कि कि सरकाघाट क्षेत्र की 10 से 15 पंचायतों में पानी की किल्लत है। यहां पर नवंबर व दिसंबर महीने में पीलिया गंभीर रूप से फैला हुआ है। एक महिला की मौत भी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी नदारद हैं। कुछ चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। सूचना के अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत इसकी सूचना भी मांगी है, जिसका उन्हें जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि इस तरह का भ्रष्टाचार कतई सहन नहीं किया जाएगा। वे एक दो दिन में इसकी लिखित शिकायत पूरे तथ्यों के साथ उपमुख्यमंत्री से करेंगे।
शिकायत आने पर होगी कार्रवाई
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस मामले की शिकायत आने के बारे में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं, उनकी जांच की जाएगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो निश्चित रूप से इस पर कार्रवाई होगी।