बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में बेटे ने बुजुर्ग पिता को मौत के घाट उतार दिया। बैजनाथ के नगेहड़ गांव में हुई इस घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। पुलिस थाना बैजनाथ की टीम ने नगेहड़ गांव पहुंचकर आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि रात को सुरेंद्र कुमार घर आया और गाली गलौज करते हुए अपनी मां रामप्यारी के साथ उलझ पड़ा। बीच बचाव करते हुए सुरेंद्र को छोटे भाई ने पीछे हटाया तो उसने मां और भाई दोनों पर हमला कर दिया।
बीच बचाव करने आए थे पिता
जब आरोपित के पिता 78 वर्षीय जगदीश चंद बीच बचाव करने आए तो उसने उन पर भी हमला कर दिया। सुरेंद्र ने रिश्तों की मर्यादा को भूलते हुए बुजुर्ग पिता पर लात-घूंसो से बुरी तरह से हमला करते हुए उन्हें नीचे गिरा दिया। इस दौरान गंभीर चोट लग गई।
परिवार ने अस्पताल पहुंचाया पर नहीं बची जान
पिता को लहुलूहान कर आरोपित रुका तो परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल बैजनाथ ले गए। लेकिन अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित बेटे को पकड़ लिया है।
पुलिस कर रही कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि रामप्यारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित को गिरफ्तार कर मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।