हिमाचल में महिला की हत्या, टैंक में लाश छुपाने के बाद पति और दो देवर फरार

बिलासपुर. हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में महिला की हत्या का मामला सामने आया है. प्रवासी महिला की हत्या के बाद से पति और दो देवर फरार बताए जा रहे हैं. एसपी संदीप धंवल ने भी मौके का मुआयना किया है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपियों ने सेप्टिक टैंक के ढक्कन वाली जगह सीमेंट से बंद कर दी थी. जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के गांव कोसरियां में प्रवासी महिला की हत्या की गई है. महिला की पहचान गुड़िया देवी (36) के रूप में हुई है. महिला यहां पर पति गोविंद के साथ किराये पर रहती थी. बताया जा रहा है कि महिला के शव को सेप्टिक टैंक के अंदर रखा गया था.

सोमवार को लोगों को टैंक से बदबू आने लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. फिर मौके पर जब टैंक को खोला गया तो सभी हैरान रह गए और अंदर से महिला की लाश बरामद की गई.फिलहाल, पुलिस को शक है कि महिला की हत्या कर उसके पति और दो देवरों ने की है. ये सभी लोग फरार हैं. पति के अलावा, भाइयों बंसी चौहान और गुड्डू का अब तक कुछ पता नहीं चला है.पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग झारखंड के जिला पलामू के गांव नोडिया के रहने वाले थे.उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसपी बिलासपुर संदीप धंवल, थाना प्रभारी सदर और एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंती थी.

मृतक महिला के भाई सुखवीर चौहान ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

सीमेंट से बंद कर दिया था टैंक
गौर रहे कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति और देवरों ने टैंक को सीमेंट से बंद कर दिया था और फिर अपने गांव चले गए. हालांकि, काफी दिन तक महिला के संपर्क में ना होने की वजह से परिजन उसकी तलाश में यहां पहुंचे थे. परिजन महिला के किराये के मकान पर पहुंचे तो वहां ताला लगा था. फिर शक के आधार पर तलाशी में सारा राज खुल गया.