नाहन. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पावंटा साहिब में एक मासूम बच्चे की मौत पर जमकर हंगामा देखने को मिला. पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे-707 पर कमरऊ में हाईवे के निर्माण में लगी हाईड्रा मशीन ने सड़क किनारे एक बच्चे को टक्कर मार दी और उसकी मौत हो गई. इस पर लोगों ने जमकर हंगामा किया. यहां तक कि पुलिस औरप्रशासन भी घटना के दो घंटे देर से मौके पर पहुंचा. इस दौरान करीब सात घंटे तक नेशनल हाईवे जाम रहा. बाद में देर रात को लिखित आश्वसान के बाद लोगों ने हाईवे खोला.
जानकारी के अनुसार, कमरऊ में हुए हादसे में मारे गए बच्चे की पहचान कमरऊ पंचायत के उपप्रधान के इकलौते पुत्र पार्थ शर्मा (12) के रूप में हुई है. गौरतलब है कि यहां पर नेशनल हाईवे का काम एनएचएआई की ओर से किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि जहां पर हादसा हुआ, वहां पर सड़क तंग थी और हाईड्रा चालक ने एक बाइक को पास देने की कोशिश की तो सड़क किनारे स्कूटी पर बैठा पार्थ इसकी चपेट में आ गया.
दरअसल, कमरऊ उप प्रधान सुरेश शर्मा का बेटा पार्थ सड़क के साथ स्कूटी पर बैठा था. गांव खजियार के रहने वाले पार्थ शर्मा (12) को घायल हाल में सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया.
लोगों ने आक्रोश में हाईवे किया जाम
सड़क हादसे से आक्रोशित कमरऊ और आसपास गांवों के ग्रामीणों ने एनएच पर चक्का जाम कर दिया है. इधर, चक्का जाम की वजह से कई किमी तक हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई. लोगों ने पुलिस, प्रशासन के अलावा एनएच और ठेकेदार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए. उधऱ, जाम की सूचना मिलने क बाद एसडीएम कफोटा मौके पर पहुंचे थे. उन्होंने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया.
पावंटा साहिब के कमरऊ गांव में हादसे के बाद पहुंचे लोग.
एक शख्स ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी की वजह से आम जनता परेशान है. उन्होंने कहा कि जब से हाईवे बन रहा है, तब से परेशानी बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि बच्चा सड़क किनारे बैठा था और हाईवे ने उसे टक्कर मार दी. वहीं, सूचना मिलने पर डीएसपी पांवटा, एसएचओ पुरुवाला और एसडीएम कफोटा ने भी मौके पर पहुंचकर लोंगों से बात की.