हिमाचल के सोलन में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, धारदार हथियार से किया था वार

सोलन। पुलिस थाना कसौली के अंतर्गत गांव शनोगी में 31 जनवरी को पति ने तेजधार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी। संदिग्ध लोगों व गवाहों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को पुलिस चौकी कुठाड़ को सूचना मिली कि गांव शनोगी निवासी चतर सिंह की पत्नी सुमन ने उस पर चाकू से हमला कर दिया है और खुद को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि चतर सिंह की पत्नी सुमन (38) अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ी थी।

मृतका के गले व शरीर पर तेजधार हथियार से वार के गहरे घाव थे और पूरा कमरा खून से लथपथ था। इस संबंध में मृतका की भाभी पूजा निवासी शामती, तहसील व जिला सोलन ने पुलिस को बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि सुमन और उसके पति चतर सिंह के बीच झगड़ा हुआ है, जिस दौरान सुमन ने चतर सिंह पर चाकू से हमला किया है। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ गांव शनोगी पहुंची, जहां सुमन मृत पाई गई। उन्होंने सुमन की हत्या का संदेह उसके पति चतर सिंह पर जताया।

पुलिस ने इस मामले में एक फरवरी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल और शव का निरीक्षण फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम से करवाया गया। मौके से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू और एक कैंची को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू अनिल शर्मा द्वारा भी किया गया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध लोगों व गवाहों से पूछताछ की, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि सुमन की हत्या उसके पति चतर सिंह ने की है। उसके बाद पुलिस ने आरोपित चतर सिंह निवासी गांव शनोगी, डाकघर मलेरा, तहसील कसौली, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।