हिमाचल पंचायत चुनाव के रोचक नतीजे, सास ने बहू को हराया, ननद ने भाभी को दी मात, कांटे की रही टक्कर

मंडी. हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज की केओली पंचायत चुनाव इस बार सिर्फ वोटों की लड़ाई नहीं रहे, बल्कि रिश्तों की सियासत ने भी लोगों को चौंका दिया. दूसरे चरण में गुरुवार को हुए पंचायत चुनाव के नतीजों में पंचायतों में परिवार ही आमने-सामने खड़े दिखाई दिए.पंचायत में सबसे ज्यादा चर्चा में वार्ड सदस्यों का चुनाव था, जहां मुकाबला किसी और से नहीं बल्कि अपनी सगे रिश्तेदार के साथ ही था.

सराज में दिनभर मतदान के बाद जब मतगणना शुरू हुई तो समूचे सराज की नजर “परिवार बनाम परिवार” वाली सीटों पर टिकी रही. कई जगह मुकाबला इतना कांटे का था कि जीत-हार का फैसला महज तीन से चार वोटों में हुआ.सराज की इस अनोखी चुनावी जंग ने पूरे क्षेत्र में एक ही संदेश दे दिया “पंचायत की कुर्सी के लिए इस बार रिश्ते भी मैदान में उतर आए.” पंचायत में सबसे चर्चित वार्ड 2,4, और पांच रहा, जहां चुनाव परिणामों में सास ने बहू को मात दे दी, जबकि वार्ड पंचायत में ननद ने भाभी को हराया.

केओली पंचायत के वार्ड नम्बर 2 केओली 1 में सराज के साथ साथ समूचे प्रदेश में सुर्खियों में बटोरी. यहां भाभी ननद की कांटे की टक्कर थी, जिसमें ननद‌ वीना देवी ने भाभी खीरामणी को 58 मतों से मात दी. वार्ड नंबर 4 केओली 3 में में सास रीना ठाकुर ने बहू लता को 4 वोट से पटखनी दे दी. उधर, वार्ड नंबर 5 केओली 4 में सास सवित्रा ने बहू वनिता ठाकुर ने 23 मतों से पटखनी दे‌ दी.

गौर रहे कि ग्रामीणों के बीच दिनभर यही चर्चा रही कि घर की सियासी लड़ाई पंचायत की सत्ता तक पहुंच गई. कहीं रिश्तों में खामोशी छा गई तो कहीं समर्थकों ने जीत पर जमकर जश्न मनाया. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सराज में इस बार पंचायत चुनावों ने साबित कर दिया कि गांव की राजनीति अब पूरी तरह बदल चुकी है. यहां रिश्ते भी चुनावी समीकरणों के आगे कमजोर पड़ते नजर आए.