कुल्लू। हिमाचल के कुल्लू जिला के थाना ब्रौ के अंतर्गत कनाडू कैंची के समीप शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक बोलेरो कैंपर के पलटने से 23 यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर नंबर एचपी 26 बी 2744 का चालक दिवान चंद पुत्र दया राम, निवासी गांव किमचा, डाकघर कुशवा, तहसील निरमंड, वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था।
इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी पहले दूसरी वाहन से टकराई और फिर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी घायलों को चोटें आई हैं, हालांकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया।
इस मामले में पुलिस थाना ब्रौ में चालक के खिलाफ अभियोग संख्या 13/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125 (a) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है।