हिमाचल में मौसम का बड़ा अलर्ट! 22 मार्च तक भारी बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी

Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम के और अधिक खराब रहने की संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और पहाड़ी इलाकों की यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार 22 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है.

कई जिलों में बारिश और बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शोभित कटियार के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. चंबा और सिरमौर जिलों में करीब 30 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सबसे अधिक रही. वहीं कुल्लू, चंबा और किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हुई है. शिमला में करीब 10 से 12 सेंटीमीटर और किन्नौर में लगभग 6 सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज की गई.

तापमान में 6 से 7 डिग्री तक गिरावट
बारिश और बर्फबारी के चलते कई जिलों के दिन के तापमान में अचानक गिरावट आई है. शिमला, कांगड़ा, मंडी और चंबा में पिछले 24 घंटों के दौरान थंडरस्टॉर्म और बारिश की गतिविधियां भी देखी गईं. कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जबकि हमीरपुर में हवा की रफ्तार 74 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई.

सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव आज रात तक पूरे प्रदेश में देखने को मिल सकता है. मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है. हालांकि कल से बारिश में थोड़ी कमी आने की संभावना है.

18 मार्च से फिर बदलेगा मौसम
18 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर 22 मार्च तक प्रदेश में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 19 मार्च को कुल्लू, मंडी और कांगड़ा जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है. इसके अलावा चंबा, कुल्लू और कांगड़ा के ऊंचे क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की भी चेतावनी दी गई है.

बारिश की कमी में आई कमी
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 13 मार्च तक प्रदेश में सामान्य से 98 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन पिछले 24 घंटों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद यह कमी घटकर 74 प्रतिशत रह गई है. आने वाले दिनों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है.

किसानों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने किसानों और बागवानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए अगले चार से पांच दिनों तक जरूरी सावधानियां बरतने की जरूरत है. साथ ही बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ने की संभावना को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है.