शिमला. हिमाचल प्रदेश में आखिरकार 10 दिन की देरी से मॉनसून की एंट्री हो गई है. मौसम विभाग के शिमला केंद्र ने इसकी पुष्टि की है. फिलहाल, मॉनसून ने पूरे किन्नौर जिले, करीब करीब कुल्लू और लाहौल स्पीति, के अलावा, शिमला के कई हिस्सों और मंडी, कांगड़ा और सिरमौर के कुछ हिस्सों में एंट्री मारी है.
जानकारी के अनुसार, अगले दो से तीन दिन में पूरे हिमाचल में मॉनसून का प्रवेश हो जाएगा. ऐसे में मौसम विभाग ने अगले सात दिन यानी छह जुलाई तक भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. गौर रहे कि मौसम विभाग ने 20 जून को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों और 25 जून को पूरे हिमाचल में मॉनसून की आवाजाही का अनुमान लगाया था. हालांकि, मॉनसून देरी से आया. इस बार मौसम विभाग ने सामान्य से कम बारिश का अनुमान लगाया है.
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि सोमवार को शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति के कई क्षेत्रों, सिरमौर के कुछ इलाकों, कांगड़ा के बड़ा भंगाल क्षेत्र और शिमला जिला के आसपास के कुछ हिस्सों में मानसून का आगमन हो चुका है. वहीं शिमला के ऊपरी क्षेत्र, नारकंडा सहित अन्य हिस्सों के अलावा चंबा, किन्नौर, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर और प्रदेश के अन्य शेष क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून पहुंचने की संभावना है. परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और जल्द ही पूरा हिमाचल मानसून से कवर हो जाएगा. उन्होंने बताया कि इस बार जून महीने में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. केवल कांगड़ा और एक अन्य जिले में सामान्य के आसपास वर्षा हुई, जबकि बाकी 10 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई.
मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी कर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है और कहा कि येलो और ऑरेंज अलर्ट रहेगा. इस दौरान जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में ऑरेंज अलर्ट, 03 जुलाई को ऊना, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर और 04 जुलाई को कांगड़ा, मंडी और शिमला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना हैं.
सात दिन भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 30 जून से 6 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान लगाया है. 30 जून और एक जुलाई के लिए येलो अलर्ट है और 2 से 4 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट और फिर आगे छह जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है और ऐसे में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.