शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव आपदा के चलते फिलहाल स्थगित कर दिए हैं. वहीं, इसको लेकर विपक्षी दल भाजपा लगातार सुखविंदर सरकार पर हमलावर है. बीजेपी नेता कांग्रेस पर चुनाव से भागने के आरोप लगा रहे हैं. वहीं, बीजेपी के आरोपों पर अब पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने पलटवार किया है और भाजपा नेताओं पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है.
कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा, “हिमाचल प्रदेश में तय समय पर ही पंचायत चुनाव करवाए जाएंगे. 23 जनवरी से पहले चुनाव होने हैं. इससे पहले भी जनवरी के पहले सप्ताह में भी चुनाव करवाए गए हैं. प्रदेश सरकार ने आपदा को देखते हुए जो मुख्य सचिव द्वारा अधिसूचना जारी की गई है, उसमें भी कहीं यह नहीं लिखा है कि चुनाव टाले जा रहे हैं”.
पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल इसे मुद्दा बना रही है और राजनीति कोशिश करने का काम कर रही है. भाजपा नेताओं के पास आजकल कुछ काम नहीं है और घर में वेले बैठे हैं तो इस तरह के बयान देकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. प्रदेश सरकार तय समय पर ही पंचायत चुनाव करवाने जा रही है.
वहीं, प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर भाजपा द्वारा की जा रहे बयानबाजी पर भी अनिरुद्ध सिंह ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है. सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी बीते दिन शिमला में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण करने पहुंचे थे और यह कोई राजनीतिक मंच नहीं था, बल्कि वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पर आए थे और उन्होंने अपना संदेश यहां पर दिया.