शिमला:भले ही हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल यानी 2027 में होने हैं, लेकिन अभी से सूबे में सियासी पारा चरम पर है. एक ओर कांग्रेस फिर से सत्ता बचाए रखने की जुगत में है तो दूसरी ओर भाजपा सूबे में सत्ता की चाबी हासिल करने में कहीं कोई कमी न रह जाए इसको लेकर अभी से धुआंधार अभियान में जुटी है. इसी बीच हिमाचल की सियासत में वार-पलटवार का दौर भी जारी है. पिछले दिनों केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने केंद्र से पैसे भेजे जाने को लेकर प्रदेश की सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे. अब कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने जेपी नड्डा के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्र की मोदी सरकार से श्वेत पत्र मांगा है.
‘केंद्र ने कितनी राशि दी है श्वेत पत्र लाए भाजपा?’
ठियोग से विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान JP नड्डा के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि, “हिमाचल को केंद्र ने कितनी राशि दी है, भाजपा उसके श्वेत पत्र लाए. भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा फर्क है. जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल के रहने वाले हैं, लेकिन बताएं कि उन्हानें हिमाचल के लिए कौन सा बड़ा प्रोजेक्ट लाया है. केंद्र में भाजपा की सरकार है, लेकिन हिमाचल को उनके हिस्से का धन भी नहीं दिया जा रहा है. क्या हिमाचल देश का हिस्सा नहीं है.”
क्या कहा था केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने?
पिछले दिनों शिमला दौरे पर पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा था, “हम पैसा दें और तुम मस्ती करो, ऐसा नहीं चलेगा. केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकार की हर तरह से मदद की है. लेकिन, राहत पैकेज के नाम पर हम सरकार को जो पैसा दें और उसका सही इस्तेमाल न हो, तो यह गलत बात है. केंद्र सरकार ने हर संभव सहायता दी है, लेकिन प्रदेश वर्तमान कांग्रेस सरकार ने उन फंड्स का सही इस्तेमाल नहीं किया. हमें पैसे दे दो पूछों मत. हिमाचल में सरकार स्थायी व्यवस्था के बजाय एडहॉक तरीके से चल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी तक एडिशनल चार्ज पर हैं.”
‘GST का पैसा देने से कतराती है केंद्र सरकार’
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि, केंद्र गब्बर सिंह टैक्स (GST) के नाम पर करोड़ों रुपए इकठ्ठा करती है, लेकिन प्रदेश को उसका हक नहीं मिलता. भाजपा की सरकार प्रदेश को उसका हिस्सा देने से कतराती है. कांग्रेस विधायक ने बागवानी के मुद्दे पर भी भाजपा के नेताओं को कोसा और कहा कि जनरल डायर जैसे आदेश भाजपा ने दिए जिसके चलते नारकंडा में हमारे कई बागवानों ने जान से हाथ धोए और आज भाजपा जनता के हित ओर किसानों बागवानों की हितैषी बताती है. कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि उनके पास बहुत से ऐसे मुद्दे हैं, जिस पर भाजपा कोई जवाब नहीं दे सकती. आने वाले समय में ये सब लोगों के सामने लाए जाएंगे.
‘हुड़दंग करने वाले पर्यटकों के खिलाफ होगी कानून कार्रवाई’
इस दौरान कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में गोलीबारी की घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि, ऐसे लोगों को हिमाचल में आने नहीं दिया जाएगा जो इस तरह की वारदात को अंजाम देते हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यटक हिमाचल आएं, उनका स्वागत है, लेकिन अगर कोई हुड़दंग करता है तो उससे कानूनी तरीके से निपटा जाएगा. इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए.