हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का अलर्टः 6 डिग्री तक गिरेगा पारा, 50 KM की रफ्तार से आएगा तूफान

शिमला:  हिमाचल प्रदेश में भी भारी गर्मी पड़ रही है और ऊना जिले में पारा 44 डिग्री को छू गया है. ऐसे में अब प्रदेश को गर्मी से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने शुक्रवार यानी 22 मई के लिए भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. गौर रहे कि हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की एंट्री 20 और 25 जून के बीच में होगी.

मौसम विज्ञान के शिमला केंद्र ने गुरुवार दोपहर को बुलेटिन जारी किया और बताया कि पिछले 24 घंटों में अधिकांश स्टेशनों के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया. कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि कुछ स्थानों पर यह सामान्य या सामान्य के करीब रहा. अहम बात है कि प्रदेश में उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान लगभग 6 से 14 डिग्री सेल्सियस, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 12 से 23 डिग्री सेल्सियस तथा निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में 17 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं बुधवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 44.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. 22 और 23 मई 2026 को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इसके बाद 26 मई तक सप्ताह के शेष दिनों में प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसी तरह अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले 2-3 दिनों में अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. गौर रहे कि प्रदेश में ऊना सबसे गर्म इलाका है. शिमला में पारा 30 डिग्री को पार गया गया है और यहां पर भी सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है.

गुरुवार को प्रदेशभर में धूप खिली रही. मौसम विभाग ने बताया कि 22 मई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला में तूफान और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बाकी पांच जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. लाहौल स्पीति और किन्नौर के लिए कोई अलर्ट नहीं है. 23 मई को प्रदेश के 10 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.