मंडी: हिमाचल प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं. इसी कड़ी में मंडी जिले की निहरी तहसील की रहने वाली रंजीता ठाकुर ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है. रंजीता ठाकुर ने AIIMS कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जाम (CRE-4) में देशभर में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है. उनकी इस सफलता से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र खुशी और गर्व से झूम उठा है.
AIIMS परीक्षा में देशभर में पहला स्थान
मंडी जिला की जरल पंचायत के नैडा गांव की रहने वाली रंजीता ठाकुर ने AIIMS CRE-4 परीक्षा में 400 में से 321 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है. इस शानदार प्रदर्शन के बाद उनका चयन AIIMS बिलासपुर में एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्निकल सुपरवाइजर के पद पर हुआ है. यह उपलब्धि निहरी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है.
रंजीता ठाकुर शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और लक्ष्य के प्रति गंभीर रही हैं. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निहरी से प्राप्त की, जहां उन्होंने दसवीं कक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किया. इसके बाद उन्होंने बारहवीं की पढ़ाई सुंदरनगर के वर्धमान महावीर पब्लिक स्कूल से पूरी की.
IGMC शिमला से मेडिकल शिक्षा
मेडिकल क्षेत्र में कुछ बड़ा करने के इरादे से रंजीता ने इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला से एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर तकनीक में बीएससी की डिग्री हासिल की. पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने निरंतर मेहनत जारी रखी, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है.
परिवार का संघर्ष और सहयोग बना ताकत
अपनी कामयाबी पर रंजीता ठाकुर ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता के संघर्ष, गुरुजनों के मार्गदर्शन और उनकी खुद की कड़ी मेहनत का बड़ा योगदान है. उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कठिन परिस्थितियों में भी उनका हौसला बनाए रखा. उनकी माता कलावती एक गृहिणी हैं, जबकि पिता गंगा राम वर्मा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) में सहायक उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं. रंजीता की दो बहनें भी हैं, जो उनकी इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं.
रंजीता की सफलता से पूरे निहरी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वह क्षेत्र की पहली बेटी हैं, जिन्होंने AIIMS जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है. उनकी सफलता ने साबित कर दिया है कि छोटे गांव से भी बड़ी उड़ान भरी जा सकती है.
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
रंजीता की इस उपलब्धि पर पंचायत प्रधान बन्दली प्रवीन ठाकुर, सुंदरनगर विधायक राकेश जंवाल, भाजपा किसान मोर्चा सचिव टेक सिंह ठाकुर, प्रधान किन्दर ललित शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने बधाई दी. वहीं, विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि रंजीता की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी.
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा
AIIMS परीक्षा में टॉप कर रंजीता ठाकुर ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है. उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी और हिमाचल की बेटियों को नए सपने देखने की ताकत देगी.