हिमाचल में फिर से लौटने वाली है कड़ाके की ठंड, इस दिन बिगड़ेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा. वहीं देर शाम प्रदेश के कई स्थानों पर मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला. इस दौरान शाम के समय धर्मशाला में हल्की बारिश होने से मौसम में ठंडक दर्ज की गयी. वहीं रोहतांग दर्रा पर भी हल्की बर्फबारी होने से बर्फीली हवाएं चलती हुई नज़र आई. ऐसे में प्रदेश में शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव दर्ज किया गया. राजधानी शिमला सहित अन्य स्थानों में मौसम साफ बना रहा. प्रदेश के कई स्टेशनों पर न्यूनतम पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि ऊंची पहाड़ियों पर -4 से 2 डिग्री सेल्सियस, मध्य पहाड़ियों पर 4 से 11 डिग्री सेल्सियस और निचले मैदानी क्षेत्रों में 9 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम पारा दर्ज किया गया.
वहीं कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 2- 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. जबकि ऊंची पहाड़ियों पर 6 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच, मध्य पहाड़ियों पर 17 से 26 डिग्री सेल्सियस और निचले मैदानी इलाकों में 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है. ऐसे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस -4.2 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि सबके अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार 2 मार्च से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. फरवरी महीने के आखरी दो दिनों 27 और 28 फरवरी को भी प्रदेश की ऊंची चोटियों पर कुछ जगहों पर हल्की बारिश/ बर्फबारी की संभावना है. ऐसे में चंबा, मंडी और कांगड़ा जिलों में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. जबकि 1 मार्च को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा. वहीं 2 और 3 मार्च को फिर प्रदेश में मौसम खराब होने से ऊंची चोटी पर हल्की बारिश/ बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है. जबकि उसके पश्चात प्रदेश में 4 मार्च तक मौसम साफ बना रहेगा.

अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान ने कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि ऊंची पहाड़ियों और आसपास के मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 27 और 28 फरवरी के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है.

कहां कितना रहा न्यूनतम तापमान
राजधानी शिमला में न्यूनतम पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा. सुंदरनगर में 8.7 डिग्री , भुंतर में 6.7 डिग्री, कल्पा में 1.6 डिग्री, धर्मशाला में 10.0 डिग्री, ऊना में 11.4 डिग्री, नाहन में 10.9 डिग्री, पालमपुर में 8.0 डिग्री, सोलन में 7.0 डिग्री, मनाली में 3.9 डिग्री, कांगड़ा में 10.8 डिग्री, मंडी में 9.5 डिग्री, बिलासपुर में 11.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 9.6 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस – 4.2 डिग्री, सेऊबाग में 5.6 डिग्री, बरठीं में 10.3 डिग्री, पांवटा साहिब में 14.0 डिग्री, सराहन में 6.5 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 13.0 डिग्री, ताबो में माइनस – 4.0 डिग्री और नेरी में 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

कितना रहा प्रदेश में अधिकतम तापमान
शिमला में 17.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा रहा. सुंदरनगर में 26.1 डिग्री, भुंतर में 25.0 डिग्री, कल्पा में 16.5 डिग्री, धर्मशाला में 22.0 डिग्री, ऊना में 28.5 डिग्री, नाहन में 25.0 डिग्री, केलांग में 6.1 डिग्री, सोलन में 23.0 डिग्री, मनाली में 18.0 डिग्री, कांगड़ा में 26.0 डिग्री, मंडी में 25.6 डिग्री, डलहौजी में 13.9 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 20.2 डिग्री, बरठीं में 25.9 डिग्री, ताबो में 10.6 डिग्री और नेरी में 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा.