‘सुक्खू ने बुलाया है…भूखे ही तड़पाया है’, CM के कार्यक्रम में लंच ना मिलने पर छात्राओं की नारेबाजी, पुलिस ने दर्ज की FIR

शिमला. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में अर्की के दाड़लाघाट में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यक्रम में नारेबाजी करने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है. इस कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसभा में आईं छात्राओं ने नारेबाजी की थी और लंच ना मिलने पर प्रोटेस्ट किया था. प्रोटेस्ट के दौरान छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए कहा था कि सुक्खू ने बुलाया है, भूखे ही तड़फाया है. उधर, न्यूज18 ने एसपी सोलन गौरव सिंह से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया.

सुक्खू ने बुलाया है भूखे ही…,CM के कार्यक्रम में नारेबाजी, छात्राओं पर FIR
अर्की के दाड़लाघाट में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यक्रम में नारेबाजी करने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है.

दरअसल, बीते शनिवार को सोलन जिले के अर्की में सीएम सुखविंदर सिंह की जनसभा थी. इस दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अर्की विधानसभा क्षेत्र से दूध प्रोत्साहन योजना और परिवहन अनुदान योजना की शुरूआत की. हालांकि, कार्यक्रम के दौरान मौके पर छात्राओं की भीड़ ने लंच ना मिलने पर नारेबाजी की.

एक छात्रा ने वीडियो में कहा कि सुक्खू जी के राज में उन्हें भूखे ही रहना पड़ रहा है. छात्रा कहती है कि उनके साथ जो टीचर्स आय़ा थे वो भाग गए…भाग क्या गए, उन्हें भग दिया. छात्रा कहती है कि इतनी सारी जनता आई है. छात्रा कहती है कि यहां पर बहुत सारे लोग आए हैं और सभी भूखे बैठे हैं. डेढ़ घंटे से उन्हें बिठाया गया है. इस पूरे मामले को लेकर अब अर्की के दाड़लाघाट थाने में केस दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि छात्राओं को कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया था.