शिमला: हिमाचल प्रदेश में सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी दल बीजेपी के नेताओं के खिलाफ वार-पलटवार का दौर चल रहा है. ताजा बयानबाजी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और सांसद अनुराग ठाकुर के बीच हो रही है. मुख्यमंत्री सुक्खू ने हिमाचल बीजेपी को 5 गुटों में होने की बात कही थी जिसपर अनुराग ठाकुर ने कहा था कि पांच पांडव हिमाच के कौरवों पर भारी पड़ेंगे. जिसपर अब मुख्यमंत्री ने पलटवार किया है.
‘बीजेपी के 5 गुट कलयुगी पांडव’
सीएम सुक्खू ने एक बार फिर कहा कि हिमाचल बीजेपी 5 गुटों में बंटी है और बीजेपी के नेता सिर्फ अपनी सोचते हैं, उन्हें प्रदेश की नहीं पड़ी. सीएम सुक्खू ने एक बार फिर 2023 में आई आपदा का हवाला देकर कहा कि बीजेपी ने कभी हिमाचल के हक की लड़ाई नहीं लड़ी. मुख्यमंत्री ने बीजेपी से पूछा कि क्या बीजेपी ने हिमाचल के हक की लड़ाई लड़ी है? क्या 1500 करोड़ रुपये घोषित होने के बाद उस पैसे को लेने के लिए 5 गुटों में बंटी भाजपा पीएम मोदी के पास गए?
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू
पांडवों ने अधिकार और सत्य की लड़ाई लड़ी, लेकिन बीजेपी ने झूठ की लड़ाई लड़ी और 5 गुटों में अपने गुट को हावी करने के लिए सरकार के खिलाफ षड्यंत्र कर रही है. हिमाचल में आपदा के वक्त केंद्र से हिमाचल का हक नहीं मांगा और जब विधानसभा में प्रस्ताव आया तो उसका विरोध किया. ये सिर्फ अपनी नाकामी को छिपाने के लिए कलयुग के पांडवों के रूप में खुद को दिखा रहे हैं.- सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश
सरकार के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे 5 गुट
सीएम सुक्खू ने कहा कि बीजेपी के 5 गुट आपस में भिड़ रहे हैं और खुद को बेहतर दिखाने के लिए सरकार के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं. भाजपा षड्यंत्र रचने के बजाय पांचों गुट एक साथ पीएम मोदी के पास जाए. सीएम ने कहा कि मंत्रिमंडल भी आपदा पीड़ितों के लिए उनके साथ जाने को तैयार है. सीएम सुक्खू ने अनुराग ठाकुर की रैली में नारेबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी की धड़ेबंदी जगजाहिर हो चुकी है.
‘बीजेपी ने बेची हिमाचल की संपदा’
सीएम सुक्खू ने दावा किया कि भाजपा की पूर्व सरकार ने हिमाचल की संपदा को बेचा है और इस संबंध में जल्द ही खुलासा किया जाएगा. पिछली जयराम सरकार ने हिमाचल की संपदा को नीलाम करने का काम किया है. हम इसके तथ्य जल्द ही सामने लाएंगे, हम बताएंगे कि बीजेपी ने कहां-कहां प्रदेश की संपदा को केंद्र सरकार को डबल इंजन की सरकार कहकर अपने अधिकार बेचे हैं.- सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश