हिमाचल में दर्दनाक हादसा; बहन की विदाई के कुछ देर बाद भाई की कार एक्सीडेंट में मौत

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में 30 वर्षीय दिनेश शर्मा पुत्र घनश्याम शर्मा निवासी बाड़ी की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपनी बहन की विदाई के बाद उसके ससुराल तलवाड़ा से घर लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात दिनेश शर्मा की बहन का विवाह तलवाड़ा में संपन्न हुआ था। मंगलवार सुबह बहन की विदाई के बाद दिनेश अपनी कार से घर के लिए रवाना हुआ। बढ़ाल के समीप उसकी कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

सुबह नहीं पड़ी किसी की नजर, सड़क किनारे बेसुध पड़ा रहा
हादसे के बाद वह किसी तरह वाहन से बाहर निकल आया, लेकिन सुबह का समय होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा और तुरंत निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

संसारपुर टैरेस पुलिस कर रही जांच
पुलिस थाना संसारपुर टैरेस के प्रभारी संजय शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

6 महीने बाद दिनेश की शादी थी तय
परिवार के सदस्यों के अनुसार दिनेश शर्मा का विवाह भी करीब छह माह बाद होने वाला था। लेकिन उससे पहले ही इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। जिस घर में कुछ घंटे पहले बेटी की विदाई हुई थी, वहीं भाई की असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

क्या कहते हैं एसपी देहरा
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल देहरा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी साक्ष्य जुटा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह जांच का विषय है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

हादसे पर जताया दुख
प्रदेश कांग्रेस महासचिव ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस असहनीय दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं।