शिमला में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, चंडीगढ़ के 2 लोगों की मौत

शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के समर हिल इलाके में एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से 2 पर्यटकों की मौत हो गई। दोनों मृतक चंडीगढ़ के निवासी थे। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सोमवार देर रात समर हिल के एमआई रूम क्षेत्र के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि गाड़ी को पीछे करने की कोशिश के दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार लुढ़ककर गहरी खाई में जा गिरी। कार सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंडीगढ़ के मलोया निवासी बारा सिंह और गुरमीत सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस दल ने खाई से शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय व अस्पताल (आईजीएमसी) भेज दिया। विधिक प्रक्रिया के बाद दोनों शव परिवार को सौंप दिए गए। शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि की है।