स्कूटी-टिप्पर की टक्कर में युवक की मौत! 2 बहनों का इकलौता भाई था 20 वर्षीय अनिकेत

Accident In Himachal: पुलिस थाना गग्गल के अंतर्गत आते त्यारा गांव में दर्दनाक हादसा हुआ है जिससे 20 वर्षीय अनिकेत पुत्र मलकीत सिंह निवासी त्यारा की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब अनिकेत स्कूटी पर सवार होकर किसी काम के सिलसिले से जा रहा था। इसी दौरान त्यारा गांव में एक निजी स्कूल के पास पहुँचते ही गग्गल की ओर से आ रहे टिप्पर से स्कूटी टकरा गई।

टांडा मेडिकल कॉलेज पहुँचने से पहले तोडा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार अनिकेत सड़क पर गिर गया व गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया और अनिकेत को घायल अवस्था में उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज लाया गया। लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने उसकी जांच करने के बाद अनिकेत को मृत घोषित कर दिया। उधर, गग्गल पुलिस थाना की टीम दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

2 बहनों का इकलौता भाई था अनिकेत
अनिकेत 2 बहनों का इकलौता भाई था और उसकी बड़ी बहन की शादी अगले साल फरवरी महीने में हाेनी थी। ऐसे में जिस घर में शादी की तैयारी चल रही थी वहां पर अब मातम पसर गया है।