Breast Cancer Starting Symptoms: कैंसर एक खतरनाक बीमारी है. यह महिलाओं में तेजी से होने वाला कैंसरों में टॉप पर रहता है. हर साल 20 लाख नए मामले सामने आते हैं. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) भी मानता है कि ब्रेस्ट कैंसर (Breast Cancer) सबसे ज्यादा होने वाले कैंसर में से एक है. जानकारी के अभाव में इस कैंसर के बारे में देरी से पता लगता है, जो इससे होने वाली मौतों की अहम वजह भी है. यही वजह है कि इस कैंसर के बारे में लोगों को जागरूक बनाने के लिए हर साल अक्टूबर के महीने को ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस मंथ (Breast Cancer Awareness Month) के तौर पर सेलिब्रेट किया जाता है. इस महीने में ब्रेस्ट कैंसर के मरीजों को कई तरह से सपोर्ट किया जाता है. इस आर्टिकल में हम ब्रेस्ट कैंसर के शरुआती लक्षणों के बारे में जानेंगे.
स्तन कैंसर क्या होता है? (What is Breast Cancer)
स्तन कैंसर को अंग्रेजी में ब्रेस्ट कैंसर कहते हैं. यह एक ऐसी बीमारी है जिसमें स्तन (ब्रेस्ट) के अंदर की कोशिकाएं असामान्य तरीके से बढ़ने लगती हैं. जो आगे चलकर एक गांठ या ट्यूमर का रूप ले लेती हैं. अधिकत मामलों में यह बीमारी महिलाओं में होती है, लेकिन पुरुषों में भी (बहुत कम) हो सकती है.
स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षण (Breast Cancer Starting Symptoms)
हर बीमारी सबसे पहले कोई ना कोई संकेत देती है. जिसे हम उसके शुरुआती लक्षण मानते हैं. स्तन कैंसर की शुरुआत में कुछ ऐसे संकेत दिख सकते हैं जिन्हें पहचानना बहुत जरूरी है. क्योंकि अगर समय रहते इन लक्षणों को समझ लिया जाए तो इलाज जल्दी शुरू किया जा सकता है और किसी भी मरीज की जान बचाई जा सकती है. इसके शुरुआती 5 लक्षणों के बारे में डॉ. तेजिंदर कटारिया ने डिटेल दी है, जो गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में विकिरण कैंसर विज्ञान सेंटर की चेयरपर्सन हैं.
स्तन कैंसर के शुरुआती 5 लक्षण
1. ब्रेस्ट पर गांठ- अगर आपको स्तन (ब्रेस्ट) या बगल (अंडरआर्म) में कोई नई गांठ या कठोर हिस्सा महसूस हो तो यह इस कैंसर का सबसे आम शुरुआती लक्षण हो सकता है.
2. स्तन के आकार में बदलाव- अगर एक स्तन का आकार या शेप दूसरे से अलग दिखने लगे या पहले जैसा न लगे, तो ध्यान देने की जरूरत है.
3. स्किन में बदलाव- अगर ब्रेस्ट की स्किन पर सिकुड़न, झुर्रियां, गड्ढे जैसा दिखना, या संतरे के छिलके जैसा बनावट दिखे तो यह चेतावनी का संकेत हो सकता है.
4. निप्पल में बदलाव- अगर निप्पल अचानक अंदर की ओर मुड़ जाए या पहले से अलग दिखने लगे, तो डॉक्टर से जांच कराएं. ध्यान ये भी रखें कि अगर निप्पल से दूध के अलावा कोई तरल पदार्थ, खासकर खूनी या साफ पानी जैसा, निकलने लगे, तो इसे नजरअंदाज न करें.
5. लगातार दर्द बना रहने पर अलर्ट हो जाएं- अगर स्तन या बगल में लगातार दर्द या दबाने पर कोमलता महसूस हो रही है और यह मासिक धर्म के बाद भी बनी रहे, तो यह शुरुआती संकेत हो सकता है. इतना ही नहीं, कभी-कभी ब्रेस्ट में बगल या कॉलर बोन (गर्दन के नीचे) के पास सूजन या फुलाव दिख सकता है, भले ही गांठ महसूस न हो.