गट को हेल्दी रखने के लिए तो एक हेल्दी डाइट जरूरी होती ही है पर साथ ही सबसे जरूरी होती है साफ सफाई और किचन की कुछ गल्तियां. रसोई की आदतें पाचन तंत्र पर सीधा असर डालती हैं. गलत तरीके से खाना पकाना या कुछ जरूरी बातों को नजरअंदाज करना पेट से जुड़ी समस्याओं को न्योता दे सकता है. गट को हेल्दी रखने के लिए ये समझना जरूरी है कि सिर्फ क्या खा रहे हैं ही नहीं बल्कि कैसे बना रहे हैं भी उतना ही अहम है. जब किचन में की गई छोटी गलतियां सुधरती हैं तो पाचन तंत्र भी धीरे धीरे बेहतर होने लगता है और शरीर हल्का और ज्यादा एनर्जेटिक महसूस करता है. आज हम आपको बताएंगे वो कौन सी ऐसी गलतियां हैं जो अक्सर लोग किचन में करते हैं.
तेल का रियूज
अक्सर घरों में एक बार कढ़ाई में निकाले गए तेल को बार बार इस्तेमाल किया जाता है. खासकर तले हुए खाने के बाद बचा हुआ तेल दोबारा गर्म कर लिया जाता ह. पर क्या आपको पता है कि ऐसा करना गट हेल्थ के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है. बार बार गर्म किया गया तेल जहरीले तत्व पैदा करता है जो पाचन को कमजोर करता है और पेट में जलन, गैस और सूजन की समस्या बढ़ा सकता है. लंबे समय तक ऐसा तेल खाने से आंतों पर भी बुरा असर पड़ता है और कई बार ये खतरनाक बीमारियों का भी रूप ले सकता है.
अनाज को धोना है जरूरी
दालों और हर तरह के साबुत अनाज को ठीक से धोए बिना पकाना भी एक बड़ी गलती मानी जाती है. कई लोग जल्दबाजी में दाल या चना, राजमा जैसी चीजों को सिर्फ एक बार धोकर पका लेते हैं. जबकि इनमें मौजूद धूल, मिट्टी और केमिकल पेट के लिए हानिकारक हो सकते हैं. दाल, चावल और साबुत अनाज को 4 से 5 बार धोना चाहिए.
तेज आंच पर पकाना
बहुत से लोग खाने को तेज आंच पर ज्यादा देर तक पकाते हैं जिससे खाना तो दिखने में अच्छा लगता है लेकिन उसका पोषण खत्म हो जाता है. ज्यादा पका हुआ खाना पेट पर भारी पड़ता है और पाचन को धीमा कर देता है.
साफ-सफाई
रसोई की साफ सफाई भी पाचन को मजबूत बनाने में बेहद ही जरूरी होती है. गंदे बर्तन या साफ न की गई सामग्री से बैक्टीरिया पेट में पहुंच सकते हैं जो लंबे समय तक पाचन से जुड़ी परेशानियों का कारण बन सकते हैं. बहुत से लोग बर्तनों से तेल की चिपचिपाहट को साफ नहीं करते हैं जिससे किटाणु पेट तक पहुंच सकते हैं.