सर्दियों में बहती नाक से हो गए हैं परेशान? आयुर्वेद के इस नुस्खे से मिनटों में पाएं आराम..

Runny Nose in Winter: सर्दियों का मौसम आते ही लोग बीमार पड़ने लगते हैं. खासकर नाक बहने की समस्या बेहद आम हो जाती है. ठंडी और ड्राई हवा नाक की झिल्ली को ड्राई कर देती है, जिससे बॉडी ज्यादा बलगम बनाकर नाक को नम रखने की कोशिश करता है. इससे नाक बहने लगती है. हालांकि, इससे न कवल सांस लेने में परेशानी होती है, बल्कि असहजता भी महसूस होती है.

इसके साथ-साथ ठंड में वायरस आसानी से फैलते हैं, जिससे सर्दी-जुकाम या एलर्जी भी बहती नाक का कारण बन सकती है. भारत सरकार का आयुष मंत्रालय बहती नाक की परेशानी से निजात पाने के लिए आयुर्वेद के आसान और नेचुरल तरीके को अपनाने की सलाह दी है, जो न केवल राहत देता है बल्कि नासिका मार्ग को भी हेल्दी भी रखता है.

क्या कहता है आयुर्वेद?
आयुर्वेद के अनुसार, सर्दियों में बहती नाक मुख्य रूप से वात दोष के असंतुलन से होती है. ठंडी हवा फेफड़ों तक पहुंचने से पहले नाक में गर्म और नम होनी चाहिए, लेकिन ड्राई हवा से नाक की झिल्ली जलन महसूस करती है और ज्यादा म्यूकस बनता है. कभी-कभी एलर्जी जैसे धूल या पालतू जानवरों के बाल भी इसका कारण बनते हैं. अगर यह समस्या लंबे समय चलती है, तो साइनस या अन्य सांस से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं.

प्रतिमर्श नस्य एक आसान और असरदार तरीका
मंत्रालय के अनुसार, प्रतिमर्श नस्य एक आसान और असरदार तरीका है. यह नस्य कर्म का हल्का रूप है, जिसे रोजाना घर पर किया जा सकता है. सुबह और शाम दोनों नाक के छिद्रों में तिल का तेल, नारियल का तेल या शुद्ध घी की एक-एक बूंद डालें. इससे नाक की झिल्ली नम रहती है, बलगम कम बनता है और सांस लेना आसान हो जाता है. यह तरीका न केवल बहती नाक को कंट्रोल करता है बल्कि सिरदर्द, साइनस और मानसिक स्पष्टता के लिए भी फायदेमंद है.

आयुर्वेद में बहती नाक के घरेलू उपाय
सर्दियों के साथ ही अन्य मौसम में भी यह नियमित रूप से किया जा सकता है. इससे इम्यूनिटी मजबूत होती है और सर्दी-जुकाम का खतरा कम हो जाता है. नास्या के अलावा आयुर्वेद में बहती नाक के लिए कई अन्य घरेलू उपाय हैं. सबसे पहले भाप लें, गर्म पानी में अजवाइन, तुलसी की पत्तियां या लौंग डालकर भाप लेने से नाक खुलती है और कफ पतला होकर बाहर निकलता है.

नाक बहने की समस्या का रामबाण
नाक बहने की समस्या में हल्दी वाला दूध पीना भी रामबाण है, क्योंकि हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो इंफेक्शन से लड़ते हैं. अदरक, काली मिर्च और पिप्पली से बना त्रिकटु चूर्ण या काढ़ा पीने से संतुलन बना रहता है और जुकाम जल्दी ठीक होता है. तुलसी की पत्तियां चबाना या शहद के साथ लेना इम्यूनिटी बढ़ाता है. गर्म पानी ज्यादा पीना भी नाक को सूखने से बचाता है.

ये आयुर्वेदिक उपाय न केवल लक्षणों को दूर करते हैं बल्कि शरीर के दोषों को संतुलित कर मूल कारण को ठीक करते हैं. अगर समस्या गंभीर हो तो आयुर्वेदिक चिकित्सक से सलाह लें.