मध्य प्रदेश में पार्क के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा, दो युवतियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना शहर में शास्त्री पार्क के बाहर शुक्रवार रात हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां दो युवतियों ने एक युवक की बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवतियों ने युवक पर बदसलूकी का आरोप लगाया था, जिसके बाद विवाद हिंसक रूप ले गया।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। दो युवतियां शास्त्री पार्क घूमने आई थीं। इसी दौरान पार्क में मौजूद एक युवक से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर तीनों पार्क से बाहर सड़क पर आ गए, जहां दोनों युवतियों ने युवक पर हमला कर दिया।

सड़क पर गिराकर डंडे से की पिटाई
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवतियां युवक को पकड़कर सड़क पर गिराती हैं और डंडे से उसकी पिटाई करती हैं। युवक को बाल पकड़कर घसीटते हुए भी देखा जा सकता है। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन अधिकांश लोग तमाशबीन बने रहे। बाद में कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर युवक को बचाया।

वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
सूत्रों के अनुसार, मारपीट करने वाली दोनों युवतियां आपस में सगी बहनें बताई जा रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

शास्त्री पार्क में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शास्त्री पार्क में आए दिन असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। पर्याप्त निगरानी और कार्रवाई के अभाव में यहां विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। ताजा घटना के बाद पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।