इंदौर में 30 सेकेंड में 31 वार, चौकीदार ने बुजुर्ग को डंडे से पीट-पीट कर मार डाला

इंदौर: Indore Murder Case: इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय मंदिर सेवादार कैलाश मोदी की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि मंदिर परिसर में शराब पीने से रोकने पर चौकीदार मुकेश शर्मा ने कैलाश मोदी पर ताबड़तोड़ 31 डंडे बरसाए, जिससे उनकी मौत हो गई. चौकीदार से बचने के लिए वो मंदिर से गुरुद्वारे तक भागते रहे. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वहीं घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

मंदिर परिसर में शराब पीने से मना करने पर बुजुर्ग की पीटकर हत्या
जानकारी के मुताबिक, 70 वर्षीय कैलाश मोदी लंबे समय से मंदिर में सेवा कार्य कर रहे थे. परिजनों के मुताबिक, मंदिर में चौकीदार के रूप में काम करने वाला मुकेश शर्मा अक्सर मंदिर परिसर में शराब पीता था. कैलाश मोदी लगातार इसका विरोध करते थे और कई बार उसे समझाइश भी दे चुके थे.

चौकीदार ने बुजुर्ग पर किए 31 वार
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने डंडा उठाकर बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी ने कैलाश मोदी पर 31 बार डंडे से वार किए. हमले से बचने के लिए कैलाश मोदी मंदिर से निकलकर पास के गुरुद्वारे की ओर भागे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और लगातार हमला करता रहा.

मामले की जांच में जुटी पुलिस
गंभीर रूप से घायल कैलाश मोदी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मुकेश शर्मा को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.

परिजनों का कहना है कि कैलाश मोदी पूरी तरह धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और मंदिर की सेवा को ही अपना जीवन मानते थे. वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मंदिर परिसर में शराब पीने को लेकर विवाद सामने आया है. आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.