MP Students Scholarship Today News: सीएम मोहन यादव गुरुवार यानि 30 अक्टूबर को प्रदेश के 52 लाख से अधिक विद्यार्थियों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. वे समेकित छात्रवृत्ति योजना के तहत 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के जरिए छात्रों के खातों में ट्रांसफर करेंगे. यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन सभागार में होगा. इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री इस मौके पर विद्यार्थियों और जनसमुदाय को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे, जबकि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेशभर के स्कूलों में किया जाएगा ताकि हर विद्यार्थी इस पहल से जुड़ सके.
राज्य सरकार ने इस आयोजन को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी की है. सभी जिलों और विकासखंडों में भी छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्थानीय विधायक और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है. यह पहल प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को वित्तीय सहायता देने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन बढ़ाने का काम करेगी. मुख्यमंत्री की यह योजना विद्यार्थियों के बीच आत्मनिर्भरता और शिक्षा के प्रति विश्वास को मजबूत करने वाली साबित होगी.
इतनी छात्रवृत्ति शामिल
समेकित छात्रवृत्ति योजना का संचालन समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के तहत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया जा रहा है. इस योजना में कुल छह विभाग शामिल हैं. स्कूल शिक्षा, अनुसूचित जाति कल्याण, जनजातीय कल्याण, विमुक्त-घुमक्कड़-अर्धघुमक्कड़, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण और सामाजिक न्याय विभाग. इसमें 20 तरह की छात्रवृत्तियां दी जा रही हैं. मुख्यमंत्री द्वारा वितरित की जाने वाली राशि में स्कूल शिक्षा विभाग की सात प्रमुख छात्रवृत्तियां जैसे सामान्य निर्धन वर्ग, सुदामा प्री-मैट्रिक, स्वामी विवेकानंद पोस्ट-मैट्रिक, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बच्चों, पितृहीन कन्याओं और इकलौती बेटी की शिक्षा विकास छात्रवृत्ति शामिल हैं.
स्टेटस कैसे चेक करें?
1. सबसे पहले मध्य प्रदेश छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 की आधिकारिक वेबसाइट https://hescholarship.mp.gov.in पर जाएं.
2. स्टूडेंट्स कॉर्नर पर जाकर क्लिक करें.
3. अपने सभी स्कॉलरशिप आवेदनों/गतिविधियों को ट्रैक करें यानि विकल्प पर क्लिक करें.
4. अपना आवेदक आईडी (Applicant ID) और पासवर्ड दर्ज करें.
5. लॉगिन करने के बाद, आप अपने आवेदन की वर्तमान स्थिति (Status) देख सकते हैं.