मध्य प्रदेश में शादी टूटने का खौफनाक अंजाम! मंगेतर ने युवती को चाकू से मार कर उतारा मौत के घाट

मध्य प्रदेश से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें लालच ने एक 19 साल की लड़की की जान ले ली. ये मामला है जबलपुर का जहां दहेज की मांग के कारण शादी तोड़े जाने जाने के बाद शुरू हुआ, जहां एक पूर्व मंगेतर नाराज हो कर अपने साथी के साथ मिलकर 19 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी. यह वारदात 9 जनवरी की रात अधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई औद्योगिक इलाके में हुई. पुलिस ने मामले में आरोपी साहिल रजक और उसके साथी अजय को गिरफ्तार कर लिया है.

दो साल पहले हुई थी मुलाकात
अपर पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मृतका ऋचा रजक इमलिया गांव की निवासी थी और रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करती थी. करीब दो साल पहले एक शादी समारोह में ऋचा की मुलाकात साहिल से हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच संबंध बने और दोनों परिवारों की सहमति से सगाई भी हो गई थी. दोनों की शादी फरवरी माह में तय थी.

दहेज मांगने पर बिगड़ा मामला
पुलिस के अनुसार बाद में साहिल ने फोन पर ऋचा के परिजनों से पांच लाख रुपये दहेज की मांग की और अपशब्द भी कहे. इस मांग से नाराज होकर ऋचा ने शादी तोड़ दी और साहिल से सभी तरह के संबंध समाप्त कर लिए. इसके बाद साहिल को शक होने लगा कि ऋचा किसी अन्य युवक से बातचीत कर रही है. इसी शक के चलते वह लगातार ऋचा को फोन पर धमकियां देने लगा.

फैक्टरी से काम कर लौट रही थी महिला
एएसपी शर्मा ने बताया कि 8 जनवरी की रात साहिल और उसका साथी अजय मोटरसाइकिल से अधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई औद्योगिक इलाके पहुंचे. पीटीआई के अनुसार, फैक्टरी से काम खत्म कर घर लौट रही ऋचा को दोनों ने रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि दोनों ने चाकू से उस पर हमला किया, जिसमें उसकी गर्दन पर एक और सीने पर तीन से चार वार किए गए. गंभीर रूप से घायल ऋचा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है.