सीमेंट वाले जीरे के बाद अब केमिकल वाला धनिया पाउडर, मध्य प्रदेश में पकड़ी गई मिलावट करने वाली फैक्ट्री

राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। ब्यावरा सिटी थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कमला लॉज के पीछे स्थित एक किराए की दुकान पर छापा मारकर नकली धनिया बनाने वाली फैक्ट्री को सील कर दिया है। इससे पहले मध्य प्रदेश के ही ग्वालियर में सौंफ के ऊपर सीमेंट लगाकर उसे जीरा बनाकर बेचा जा रहा था।

शहर थाना टीआई शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद एसआई विवेक शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुल तीन लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 और मिलावटखोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डंठल, बुरादा और केमिकल मिलाकर बना पाउडर
जांच में सामने आया कि आरोपी नानकराम वर्मा और गोपाल वर्मा बाजार से बेहद कम दाम में धनिया के डंठल खरीदते थे। इसके बाद ग्राइंडर चक्की की मदद से उसे पीसकर बुरादा तैयार किया जाता था। इस चूरे को असली धनिए जैसा रूप और खुशबू देने के लिए इसमें खतरनाक केमिकल और रंगों की मिलावट की जाती थी। इसके बाद इस नकली धनिया पाउडर को छोटी-छोटी पैकिंगों में पैक किया जाता था। आरोपी हजारीलाल वर्मा के जरिए इस मिलावटी खेप को राजगढ़ और गुना जिले के बाजारों और मंडियों में असली बताकर ऊंचे दामों पर खपाया जा रहा था।

2 लाख का माल जब्त, डॉक्टर ने दी चेतावनी
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 52 बोरी धनिया डंठल, 92 बोरी पिसा हुआ चूरा, 6 पैकेट मिलावटी धनिया, 6 पैकेट केमिकल रंग, एक ग्राइंडर चक्की और तौल कांटा जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले पर बीएमओ डॉक्टर जलालुद्दीन शेख ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि ऐसा मिलावटी धनिया खाना सेहत के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इसमें इस्तेमाल होने वाले केमिकल से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां होने का खतरा रहता है। इसके अलावा, डंठल के चूरे से पेट में गंभीर संक्रमण, गैस, अपच और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं हो सकती हैं।