राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल में लोगों ने जमकर हंगामा किया. जिले के माचलपुर में महिला डॉक्टर डॉ. पायल पाटीदार पर मरीज के परिजनों ने हमला कर दिया. उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए. सीसीटीवी फुटेज में डॉक्टर को जान बचाकर भागते देखा गया. इस घटना के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल कर दिया है. यहां तक कि दवा की दुकानें तक बंद कर दी गई हैं.
थाना प्रभारी पूजा परिहार ने बताया कि ये घटना माचलपुर सरकारी अस्पताल में हुई है. यहां 23 वर्षीय अरविंद नामक युवक रविवार की सुबह करीब 9 बजे इलाज के लिए आया था. ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पायल पाटीदार ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल पड़ोसी राज्य राजस्थान के झालावाड़ जिले के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया. लेकिन रास्ते में ही अरविंद की मौत हो गई.
युवक की मौत के बाद उसके परिजन भड़क गए. वे शव को लेकर वापस माचलपुर सरकारी अस्पताल पहुंचे. डॉक्टर पायल पाटीदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनसे बहस करने लगे. बहस धीरे-धीरे हिंसा में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी. महिला रिश्तेदारों ने मिलकर उनके कपड़े भी फाड़ डाले. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.