मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के लिए जंग, हरदा में एक दूसरे पर लात घूसों से अटैक

हरदा: मध्य प्रदेश के हरदा में पेट्रोल-डीजल भरवाने को लेकर लोग बेकाबू हो गए और एक दूसरे पर लात घूसे चला दिए. जिसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि पहले लोगों में डीजल भरवाने को लेकर कहासुनी होती है और नौबत मारपीट तक पहुंच जाती है. जिले में गेहूं कटाई के बाद किसान बड़ी मात्रा में मूंग की बुआई करते हैं जिसके लिए किसानों को खेत बनाने से से लेकर बुआई और पानी देने के लिए डीजल की जरुरत पड़ेगी. इसी कारण किसान भारी मात्रा में डीजल का भंडारण कर रहे हैं.

कोई डिब्बा कोई ड्रम लेकर पहुंचा पेट्रोल पंप
गैस की किल्लत अभी खत्म नहीं हुई थी की अब डीजल-पेट्रोल की कमी की अफवाह फैलते ही हरदा जिले के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ लगने लगी. कोई डिब्बे में तो कोई ड्रम लेकर डीजल पेट्रोल लेने पहुंच गया. सुबह से ही लोग डीजल-पेट्रोल और गैस की लाइन में लग रहे हैं. हालांकि जिला प्रशासन बार बार लोगों को समझाइस दे रहा है कि किसी भी चीज की कोई कमी नहीं हैं, बावजूद इसके लोग स्टॉक कर रहे हैं.

डीजल लेने आपस में भिड़ गए लोग
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट हुआ है. जिसमें कुछ युवक एक पेट्रोल पंप पर आपस में एक दूसरे को लात घूसे मारते दिख रहे हैं. बताया जा रहा है कि, मामला सिराली तहसील का है. जहां दीपगांव रोड़ के एक पेट्रोल पंप पर डीजल लेने के लिए लाइन लगी थी. उसी दौरान दो युवकों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और झगड़ा बढ़ गया. नौबत लात घूसों तक पहुंच गई.

ETV भारत ने इस मामले में सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल से फोन पर घटना की जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि, ”मामला बुधवार देर रात का बताया जा रहा है, जो दीपगांव रोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप का है. इस मामले में किसी ने भी कोई शिकायत नहीं की है, झगड़ा किसने किया और क्यों किया थाने में इसकी कोई जानकारी नहीं है. अगर शिकायत आती है तो कार्रवाई करेंगे.”

सतना में पेट्रोल पंप पर उमड़ी भीड़
सतना में भी पेट्रोल डीजल को लेकर लोग परेशान हैं. शहर के अंदर सभी पेट्रोल पंपों में लोगों की भीड़ पहुंचने लगी है. शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों में पेट्रोल डीजल खत्म हो चुका है. वजह यह है कि जहां लोग 100-200 या 500 का पेट्रोल डीजल लेते थे. अब वह स्टॉक करने लगे हैं. जिसकी वजह से भीड़ की स्थिति निर्मित हो रही है. पेट्रोल पंप संचालक ने अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कह रहे हैं.

पेट्रोल पंप संचालक आशीष चौदहा ने बताया कि, ”सोशल मीडिया की अफवाहों से पेट्रोल-डीजल के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी है. शहर के अधिकांश पेट्रोल टंकियों में पेट्रोल डीजल खत्म होने की कगार पर है. वजह यह है कि लोग अफवाह के बाद पेट्रोल पंप पर अधिक से अधिक पेट्रोल डीजल डलवाने के लिए पहुंच रहे हैं. पहले जहां शाम 6 बजे के बाद लोगों का आना कम होता था. लेकिन अब रात के 10 बजे भी लोग पेट्रोल डीजल लेने आ रहे हैं.”