नरोत्तम मिश्रा से बंद कमरे में मिले बीएल संतोष, हेमंत खंडेलवाल की नई टीम पर बड़ी खबर

MP News: बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के भोपाल दौरे के बाद राजधानी में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि सोमवार को भोपाल पहुंचे बीएल संतोष ने बीजेपी के सीनियर नेताओं से मुलाकात की थी, कई नेताओं से उन्होंने बंद कमरे में अकेले वन टू वन चर्चा की थी, जिसके बाद उन्होंने कुछ निर्देश जारी किए हैं, जिसमें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की नई टीम से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है, बताया जा रहा है कि सितंबर के महीने में ही मध्य प्रदेश बीजेपी की नई कार्यकारिणी घोषित हो जाएगी, इसके अलावा सभी जिलों की भी कार्यकारिणियां इसी महीने में जारी करने की बात कही गई है. वहीं बीएल संतोष ने अपने भोपाल दौरे के दौरान पूर्व गृहमंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता नरोत्तम मिश्रा से भी अकेले में वन टू वन चर्चा की है, जिसके बाद अटकलों का बाजार भी गर्म हैं.

सीएम मोहन और नरोत्तम मिश्रा से मिले बीएल संतोष

सोमवार को भोपाल पहुंचकर बीएल संतोष ने सबसे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीएम हाउस में मुलाकात की, इसके बाद दोपहर 12 बजे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और संगठन महामंत्री हितानंद समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ चर्चा की थी. वहीं उन्होंने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से अलग से मुलाकात की है, इस मुलाकात को नरोत्तम मिश्रा को नई जिम्मेदारी दिए जाने से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से इस बात की चर्चा चल रही है कि उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी पार्टी में मिल सकती है, नरोत्तम मिश्रा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के भी प्रबल दावेदार थे, लेकिन यह जिम्मेदारी हेमंत खंडेलवाल को दी गई थी. ऐसे में अब बीएल संतोष से मुलाकात के बाद नई अटकलें फिर शुरू हो गई हैं.

संघ से भी लिया फीडबैक

बीएल संतोष ने निर्देश दिए कि सितंबर माह के अंत तक प्रदेश कार्यकारिणी और सभी 62 जिलों की कार्यकारिणी का गठन हर हाल में पूरा कर लिया जाए. क्योंकि आगे की रणनीतियां कार्यकारिणी के गठन के बाद ही तय होगी, ऐसे में माना जा रहा है कि सितंबर के आखिरी हफ्ते तक हेमंत खंडेलवाल नई टीम का ऐलान कर सकते हैं, जिसमें इस बार कुछ अहम बदलाव देखने को भी मिल सकते हैं. अपने दौरे के दौरान बीएल संतोष ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से भी बातचीत कर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और संगठन की कार्यशैली को लेकर जानकारी जुटाई, माना जा रहा है कि इस फीडबैक के आधार पर आने वाले समय में भाजपा में कुछ बड़े संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

हालांकि इस दौरान आलोट विधायक डॉ. चिंतामण मालवीय करीब 45 मिनट तक पार्टी कार्यालय में बीएल संतोष से मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी और वे बिना मिले लौट गए. वहीं, किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल भी उनसे मिलने पहुंचा था, पर संतोष से भेंट संभव नहीं हो पाई. बाद में प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनका पक्ष सुना.