बालाघाट: मध्य प्रदेश में भले मानसून देरी से आया, लेकिन आते ही अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश ने आफत मचा रखी है. बालाघाट से लेकर उज्जैन, बुरहानपुर, पांढुर्णा, शाजापुर और खरगौन में बारिश ने लोगों का जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है. कहीं नदी-नाले उफान पर हैं, तो कहीं पेड़, टीन गिर गए. वहीं बालाघाट में भी आफत की बारिश देखने मिली. यहां लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर है. नदी में आई बाढ़ में जेसीबी मशीन और दूसरे वाहन बह गए. जिसका वीडियो सामने आया है.
बालाघाट में तेज बारिश में बह गई जेसीबी
बालाघाट में लगातार चार दिनों से तेज बारिश हो रही है. बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. कुछ जगहों पर नदी नालों में बाढ़ की स्थिति के कारण पुल पर पानी होने से आवागमन बाधित हुआ, तो कहीं बिजली व्यवस्था चरमराई नजर आई. इन सब के बीच एक और तस्वीर निकलकर सामने आई, जहां एक जेसीबी मशीन बाढ़ में बहते नजर आई. सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहे वीडियो में एक जेसीबी मशीन और वाहन बहते दिखाई दे रहे हैं.
बाघ नदी का बढ़ा जलस्तर, बह गए वाहन
बताया जा रहा है कि यह वाहनों के बहने का वीडियो बाघ नदी का है. जो जिले के किरनापुर लांजी क्षेत्र से होकर बहती है. बाघ नदी पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हाई लेवल पुल का निर्माण जारी है. जहां काम पर लगे दो वाहन नदी के जलस्तर बढ़ जाने से उसमें बहने लगे. बाघ नदी पर बनने वाले इस हाईलेवल पुल का निर्माण ग्राम अंधिया टोला और गल्लटोला क बीच किया जा रहा है.
150 मीटर लम्बे इस पुल का निर्माण तकरीबन 1017.24 लाख की लागत से किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि पुल के निर्माण में लगे वाहन नदी के किनारे पर थे, लगातार बारिश होने से नदी का जल स्तर बढ़ते ही ये वाहन पानी मे तैरने लगे.
उज्जैन में जलमग्न मंदिर, पांढुर्णा में महिला की मौत
मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटे में 30 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई. उज्जैन में 2 इंच बारिश दर्ज की गई है. भारी बारिश के चलते शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. रामघाट स्थित छोटे मंदिर और घाट जलमग्न हो गए हैं. प्रशासन ने लोगों से घाटों के पास न जाने की अपील की है. वहीं छिंदवाड़ा में 3 इंच बारिश दर्ज की गई. जबकि पांढुर्णा में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई. राजधानी भोपाल के बैरसिया में पुल पार करते समय एक ट्रैक्टर नदी में पलट गया, गनीमत यह रही की ड्राइवर की जान बच गई.
उफान पर काली सिंध नदी, बुरहानपुर में खतरे के निशान पर ताप्ती
इसी तरह के हालात श्योपुर और खरगोन में भी देखने मिल रहे हैं. श्योपुर सिरवेल महादेव स्थित कुंदा का झरना पूरी क्षमता के साथ बह रहा है. वहीं शाजापुर में बारिश के चलते काली सिंध नदी उफान पर है. बुरहानपुर में लगातार बारिश से राजघाट पर खतरे के निशान ताप्ती नदी का जलस्तर पहुंच गया है. जिसके बाद राजघाट पर सुरक्षा के लिए जवान तैनात किए गए हैं.
मध्य प्रदेश के 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. सोमवार को दमोह, सागर, देवास, बैतूल, अलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, अनूपपपुर और छिंदवाड़ा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.