मध्य प्रदेश में ईद जुलूस के मौके पर बवाल, भगवा ध्वज का किया गया अपमान… पाकिस्तानी गाने बजाने का आरोप

खंडवा। ईद के जुलूस में भगवा ध्वज का अपमान, पाकिस्तान आर्मी का गीत बजाने और तालिबान का झंडा फहराने का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने आक्रोश जताया। शुक्रवार रात 9:30 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली थाना परिसर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

हिंदू संगठनों का आरोप

हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक माधव झा, हिंदू नेता अशोक पालीवाल और डॉ. अनीश अरझरे सहित कई कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे। आरोप लगाया गया कि जुलूस के दौरान हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया। भगवा ध्वज पर इस्लाम जिंदाबाद लिखकर लहराया गया और जलेबी चौक पर भागवत ध्वज को निकालकर फेंका गया। कुछ युवकों ने तालिबान का झंडा भी लहराया और शहर के कल्यानगंज क्षेत्र को “कल्लन अली गंज” लिखकर प्रदर्शित किया।

आंदोलन की चेतावनी

हिंदू संगठनों ने पुलिस से मांग की है कि माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई न होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

पुलिस ने क्या कहा

सीएसपी अभिनव बारंगे ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि आपत्तिजनक नारेबाजी और अन्य आरोपों की जांच की जाएगी तथा जो भी वैधानिक कार्रवाई संभव होगी, वह की जाएगी।