CM मोहन यादव का कड़ा एक्शन… देर रात पुलिस हेडक्वार्टर पहुंच अफसरों को लगाई फटकार

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 25 नवंबर की रात सख्त अंदाज में नजर आए. सीएम यादव मुख्य सचिव और आला अधिकारियों के साथ अचानक पुलिस हैडक्वार्टर पहुंचे. उन्होंने प्रदेश में अपराध की स्थिति को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर नाराजगी जाहिर की. सीएम ने रायसेन में हुए अपराध को लेकर सख्ती दिखाते हुए रायसेन एसपी को मुख्यालय में अटैच कर दिया. इसके साथ-साथ उन्होंने मिसरोद थाना प्रभारी को हटाने के निर्देश दिए.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जनता और सुशासन की सरकार है. इसलिए अपराध रोकने के लिए पुलिस सड़कों पर उतरे. किसी भी अपराधी को छोड़ा न जाए. घटना होने पर अपराधी पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि पुलिस की ढिलाई किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लापरवाह पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी.

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य सचिव अनुराग जैन, डीजीपी कैलाश मकवाना और आला अधिकारियों के साथ रात करीब 8:15 बजे पुलिस हैडक्वार्टर पहुंचे. यहां उन्होंने एडीजी इंटेलिजेंस, भोपाल पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने रायसेन वाले मामले में गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई.