भोपाल: मध्य प्रदेश में ठंड ने अपना सितम ढा रही है, उत्तर भारत के राज्यों से आ रही बर्फीली पहाड़ियों से आ रही ठंडी हवाओं ने पूरे प्रदेश कंपकंपी का दौर प्रारंभ कर दिया है। आलम यह है कि सूरज की तपिश अब बेअसर साबित हो रही है और रात होते-होते शहरों की सड़कें सूनी हो जाती हैं। प्रदेश के तापमान में आई गिरावट ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। शहडोल का कल्याणपुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.2°C डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। भोपाल, इंदौर, राजगढ़ और विदिशा जैसे 8 जिलों में शीतलहर ने अपनी जकड़ मजबूत कर ली है। नरसिंहपुर में तो ‘शीतल दिन’ जैसे हालात बने। जहां दिन की चटक धूप के बावजूद हड्डियों में सिहरन हो रही है।
वेदर अलर्ट-पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाओं से घातक ठंड पड़ेगी
मौसम विभाग की चेतावनी मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह तो बस शुरुआत है। आसमान में 213 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से बह रही ‘उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम’ हवाएं ठंड को और ज्यादा घातक बना रही हैं। मौसम केंद्र ने साफ कर दिया है कि अगले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, शाजापुर और जबलपुर जैसे इलाकों में शीतलहर का कहर और बढ़ेगा।
कल्याणपुर शहडोल 4.2°C
पचमढ़ी 5.2°C
उमरिया 5.6°C
इंदौर 5.7°C
राजगढ़ 6.0°C
प्रदेश के चारों महानगरों का तापमान शहर
अधिकतम – न्यूनतम
भोपाल – 27.0 – 7.2°C
इंदौर – 27.0 – 5.7°C
ग्वालियर – 28.8 – 8.9°C
जबलपुर – 27.0- 8.3°C
सलाह: रात में बाहर निकलने से बचे
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि बिना जरूरी काम के रात में बाहर न निकलें। 13 दिसंबर के बाद ही किसी नए विक्षोभ से हल्की राहत की उम्मीद है, तब तक एमपी को ‘कुदरत के कोल्ड टॉर्चर’ से जूझना होगा।
9 जिलों में ‘शीतलहर’ का यलो अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 11 दिसंबर तक हालात और भी बिगड़ने वाले हैं। न्यूनतम तापमान में अभी और गिरावट होगी, यानी ठिठुरन अभी और बढ़ेगी। मंगलवार को भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, शाजापुर, शहडोल, जबलपुर और सिवनी में प्रशासन ने शीतलहर की सख्त चेतावनी जारी की है। वहीँ, नरसिंहपुर जिले में ‘शीतल दिन’ रह सकता है।