मध्य प्रदेश- छत्‍तीसगढ़ में शीतलहर तो इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

नई दिल्ली: देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत में ठंड की तीव्रता बढ़ती जा रही है, जबकि दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 16 नवंबर तक शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है।

उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर से चल रही शुष्क व बर्फीली हवाओं के कारण यूपी, राजस्थान, बिहार, एमपी और छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बढ़ गया है। 14 से 16 नवंबर तक कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। पूर्वोत्तर भारत और उत्तर प्रदेश में भी अगले पांच दिन हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है।

आकाशीय प्रणाली और पश्चिमी विक्षोभ का असर
दक्षिण-पश्चिम तथा दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के निचले स्तर पर एक ऊपरी वायु चक्रवात सक्रिय है। इसके अलावा, कश्मीर के आसपास मध्य क्षोभमंडल स्तर पर एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जिसका प्रभाव तापमान और वर्षा दोनों पर दिखाई दे रहा है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 13, 16, 17, 18 और 19 नवंबर को मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

तमिलनाडु – 13 व 16–18 नवंबर को भारी बारिश

केरल और माहे – 13 व 17–19 नवंबर को मध्यम से भारी बारिश

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा – 17–19 नवंबर तक भारी बारिश के आसार

देशभर का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, असम, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में हल्के से घने कोहरे की स्थिति रहेगी।

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, यूपी और बिहार में रात और सुबह घना कोहरा छा सकता है।

इसके अलावा, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में आज भी बारिश की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम और प्रदूषण
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, कई इलाकों में एक्यूआई 400 से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। तापमान में लगातार गिरावट के कारण सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ रहा है।

तटीय इलाकों में तेज हवाओं की आशंका
थूथुकुडी जिले में मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि समुद्र में न जाएं, क्योंकि तटीय इलाकों में तेज हवाओं की आशंका है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, थूथुकुडी और रामनाथपुरम के तटीय क्षेत्रों में घने वर्षा बादल बन गए हैं। बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है और समुद्र के ऊपर हवा की रफ़्तार 55 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस मौसमीय बदलाव के बाद थूथुकुडी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले एक घंटे से लगातार बारिश हो रही है।