Abhijit Shah Attended RSS Program: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर नया नजारा दिखा है, जहां कांग्रेस के एक विधायक आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं. जिसके बाद अब कांग्रेस पार्टी के नेता ही उन पर सवाल उठा रहे हैं. वहीं कांग्रेस विधायक का आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल होना एमपी की सियासत में भी चर्चा का विषय बना हुआ है. खास बात यह भी हैं कि कांग्रेस विधायक के परिजन बीजेपी से जुडे़ हुए हैं और मध्य प्रदेश सरकार में सीनियर मंत्री विजय शाह रिश्ते में उनके चाचा लगते हैं, जिससे मालमा दिलचस्प हो गया है.
कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह से जुड़ा मामला
दरअसल, हरदा जिले की टिमरनी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह रहटगांव तहसील मुख्यालय पर आयोजित आरएसएस के एक कार्यक्रम में शामिल हुए हैं. ऐसे में विधायक के इस तरह से आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल होने पर अब कांग्रेस पार्टी की तरफ से ही आपत्ति जताई जा रही है. कांग्रेस जिला प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने कांग्रेस विधायक के इस काम पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने इस मामले को गंभीर मानते हुए पार्टी हाईकमान को शिकायत भेजी है. वहीं यह मामला हरदा जिले की राजनीति में भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा हमेशा से आरएसएस के खिलाफ रही है और ऐसे में पार्टी के विधायक का संघ के कार्यक्रम में शामिल होना पार्टी नीति और अनुशासन के विपरीत है. इससे कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है. कांग्रेस नेता ने हाईकमान से मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच की जाए और यदि विधायक की तरफ से पार्टी लाइन के खिलाफ कदम उठाया गया है तो उचित कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि वह इस मामले में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और हरदा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहन सांई से भी शिकायत करेंगे.
पहली बार विधायक बने हैं अभिजीत शाह
अभिजीत शाह मध्य प्रदेश के सबसे युवा विधायकों में शामिल हैं, वह 2023 के विधानसभा चुनाव में हरदा जिले की टिमरनी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे. खास बात यह है कि अभिजीत शाह मकड़ाई राजघराने से आते हैं, जिनके परिजन बीजेपी में भी शामिल है. मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह रिश्ते में उनके चाचा लगते हैं. अभिजीत शाह राजनीति में अपनी खास शैली के लिए भी जाने जाते हैं.