भोपाल: पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए भोपाल के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने एक आदेश जारी किया है. जिसमें बताया गया है कि विशेष निर्देशों के तहत अब सभी एजेंसियां रविवार को भी खुली रहेंगी, ताकि सिलेंडरों की होम डिलीवरी और काउंटर बिक्री, दोनों सुनिश्चित की जा सकें. आमतौर पर गैस एजेंसियां रविवार को बंद रहती हैं, लेकिन निर्देश के बावजूद भोपाल की कई गैस एजेंसियां रविवार को बंद मिलीं.
रविवार को भी गैस एजेंसी खोलने के दिए थे निर्देश
भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को आदेश जारी किया है कि गैस एजेंसी रविवार को भी खुलेगी, ताकि गैस उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं हो. लेकिन भोपाल की कई गैस एजेंसी रविवार को बंद मिली.
भोपाल कलेक्टर के आदेश के बावजूद बंद दिखीं कई गैस एजेंसी (ETV Bharat)
मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि गैस एजेंसी बंद होने के कारण सिलेंडर नहीं मिला और खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है. जबकि भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने निर्देश जारी किए गए थे कि गैस की बढ़ती मांग को देखते हुए रविवार को भी भोपाल की गैस एजेंसियां खुली रहेंगी.
निर्देश के बाद भी बंद रहीं कई गैस एजेंसियां
कलेक्टर के आदेश के बावजूद शहर के कई इलाकों में गैस एजेंसियां बंद पाई गई. डीआईजी बंगला क्षेत्र के पास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर ताले लगे हुए दिखाई दिए. मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने जब साफ आदेश जारी कर दिए थे कि रविवार को भी गैस एजेंसियां खुली रहेंगी, तो एजेंसियों का बंद रहना आदेश की अवहेलना है. इससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है.
युद्ध के साइड इफेक्ट, जंजीरों के पहरे में गैस सिलेंडर, सक्रिय हुए सिलेंडर चोर
भोपाल के कोलार रोड में पकड़े गए 25 अवैध सिलेंडर, ब्लैक में बेचने की थी तैयारी
बंद गैस एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग
शहरवासियों से अपील करते हुए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा है कि “गैस आपूर्ति को लेकर घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. इसके साथ ही अतिरिक्त सिलेंडरों का भंडारण करने की भी कोई जरूरत नहीं है. नियमित तरीके से गैस सिलेंडर डिलीवर किया जाता रहेगा.” लेकिन गैस एजेंसियों पर ताला लगे होने से लोग आक्रोशित हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.