ग्वालियर: मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। बदमाश ना सिर्फ आम लोगों को निशाना बना रहे हैं, बल्कि पुलिसवालों को भी निशाना बना रहे हैं। ग्वालियर में गुरुवार रात को एक पुलिस आरक्षक को गोली मारकर लूट लिया गया। बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने आरक्षक से मोबाइल और 30 हजार रुपए छीन लिए और फरार हो गए। विरोध करने पर उन्होंने आरक्षक को गोली मार दी। आरक्षक का नाम प्रमोद त्यागी है, जो इंदौर के राजेन्द्र नगर थाने में तैनात हैं। आरक्षक प्रमोद त्यागी मुरैना जिले के जौरा गांव में अपने बीमार पिता को देखने जा रहे थे, तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
घटना पनियार थाना क्षेत्र के पास पेट्रोल पंप पर रात करीब 10:30 बजे की है। घटना में आरक्षक के हाथ में छर्रे लगे हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद बदमाश घायल आरक्षक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल आरक्षक सड़क पर लोगों को हाथ देकर मदद मांग रहा था। मुरैना जिले के सुमावली से कांग्रेस के पूर्व विधायक नीतू सिकरवार वहां से एक कार्यक्रम कर लौट रहे थे। सड़क पर घायल पड़े आरक्षक को मदद मांगते हुए देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी को रोका और उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर तत्काल सूचना पुलिस को दी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रॉमा सेंटर में ट्रीटमेंट के बाद आरक्षक प्रमोद त्यागी को जयारोग्य समूह के अस्पताल में रेफर किया गया है। फिलहाल हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इधर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटना स्थल पेट्रोल पंप और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाले जा रहे हैं।