इंदौर में 1 किलोमीटर तक मौत का तांडव, बेकाबू ट्रक ने लोगों को कुचला; दो की मौत, 8 घायल

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में बड़ा हादसा हो गया है। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी है। इस हादसे में अभी दो की मौत की सूचना है जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इंदौर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने लगभग कुछ गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसके रास्ते में आने वाले सभी गाड़िया उसकी चपेट में आ गई।

गाड़ियों से भिड़त के बाद ट्रक बड़ा गणपति पर जाकर रुका जहां ट्रक में आग भी लग गई। ट्रक के नीचे एक बाइक सवार भी फंसा हुआ था जिसे जलते हुए ट्रक के नीचे से निकाल गया। वहीं घायलों को लगातार अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसा इतना भयानक था कि यातायात को बाधित करके पुलिस और एंबुलेंस लगातार बचाव कार्य में लगी हुई है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार को इंदौर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पास एक ट्रक चालक तेज गति से बड़ा गणपति की ओर बढ़ रहा था। ट्रक चालक इतना अधिक नशे में था कि उसने एक किलोमीटर तक दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों को अपनी चपेट में ले लिया इसके बाद ट्रक कई किलोमीटर दूर जाकर बड़ा गणपति पर रुक जहां ट्रक की केबिन में आग भी लग गई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की आग को बुझाया ट्रक का गाड़ी नंबर एमपी 09 जेपी 4069 सामने आया है।

ट्रक चालक अभी पुलिस की गिरफ्त में बताया जा रहा है। घायलों को अस्पताल ले जाकर उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है वहीं मौके पर पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंच चुके हैं और बाधित ट्रैफिक को भी अब खुलवाया जा रहा है। एडिशनल सीपी अमित सिंग ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक ने 2-3 गाड़ियों को टक्कर मारी जिसके बाद उसमें आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है जबकि 8 लोग घायल है। इसमें ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक के मालिक को भी इसमें आरोपी बनाया जाएगा।