पहले काटा, फिर जलाया और आखिर में JCB से जमीन में दफनाया… प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, सोनम-मुस्कान की ‘मां’ निकली धापू

मंदसौर: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है. इस मामले ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक पत्नी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर न केवल पति की हत्या की, बल्कि क्रूरता की सारी हदें पार कर दी. पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या की और फिर शव के टुकड़े-टुकड़े कर उसे जमीन में दफन कर दिया. यह मामला मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के दुधाखेड़ी गांव की है. अवैध संबंधों के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी और बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है.

पत्नी ने रची खूनी साजिश
जानकारी के अनुसार, मृतक धनराज नाथ को अपनी पत्नी धापू बाई और पंकज चौधरी के अवैध संबंधों का पता चल गया था,जिसके कारण घर में आए दिन विवाद होता था. इसी विवाद को खत्म करने के लिए पत्नी धापू ने अपनी प्रेमी पंकज के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने का फैसला किया. इसके बाद दोनों ने खौफनाक साजिश रची. 10 अप्रैल की रात आरोपियों ने धनराल पर सब्बल और तलवार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.

जलाने के बाद किए टुकड़े-टुकड़े
हत्या करने के बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से धनराज के शव को जलाने की कोशिश की, ताकि सबूत मिटाए जा सकें. जब लाश पूरी तरह से नहीं जली तो आरोपियों ने तलवार से शव के टुकड़े कर दिए. इसके बाद भी आरोपी चैन से नहीं बैठे.

जेसीबी से खुदवाया गड्ढा
सबूतों को ठिकाने लगाने और पुलिस से बचने के लिए आरोपी पंकज चौधरी ने दिमाग लगाया. धनराज की हत्या के अगले ही दिन उसने अपने खेत में काम कराने के बहाने एक जेसीबी बुलवाई और गहरा गड्ढा खुदवाया. किसी को शक न हो, इसलिए उसने इसे सामान्य काम बताया और धनराज के शव के टुकड़ों को उसे गड्ढे में दफना दिया.

बेटी के शक से खुला राज
धनराज के लापता होने के बाद उसकी बेटे दिलखश और बेटे नीतीश ने शक जताया. बेटी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे उसके पिता पंकज की गाड़ी में किसी कार्यक्रम में जाने की बात कहकर निकले थे, जिसके बाद वे नहीं लौटे. परिवार ने सीधे तौर पर धनराज की पत्नी धापू बाई और पंकज पर शक जताया.

पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पुलिस ने परिवार के शक के आधार पर मामला दर्ज किया. इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर पंकज और धापू बाई से कड़ाई से पूछताछ की. इस पूछताछ में वे ज्यादा देर झूठ बोलकर नहीं टिक पाए. पुलिस की सख्ती के आगे दोनों टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद उन्होंने पुलिस को खौफनाक मर्डर की पूरी कहानी सुनाई.

शव के अवशेष, तलवारें-सब्बल बरामद
सोमवार शाम पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खेत में खुदाई करवाई, जहां से धनराज के शव के अवशेष, दो तलवारें और हत्या में इस्तेमाल सब्बल बरामद किया गया. इस मामले में गरोठ एसडीओपी विजय कुमार ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं जेसीबी चालक की तलाशी की जा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. अन्य आरोपी शामिल होंगे, को उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा.